Agriculture News. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने हाल ही में किसानों के हित में लिया बड़ा फैसला. उनका कहना है कि किसानों के लिए ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है, जिससे किसानों की उपज मंडी में बिकने के 48 घंटे के भीतर ही उनके बैंक खाते में भुगतान हो सके.
नाफेड का जिक्र करते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 23 जून को कहा कि साल 2014 में यह बंद होने की कगार पर था लेकिन नाफेड आज 30 हजार करोड़ रुपए के कारोबार और 500 करोड़ रुपए के मुनाफे के साथ 74 लाख से अधिक किसानों की सेवा कर रहा है.
खत्म होगी बिचौलियों की भूमिका
आज के समय फसल उपज को लेकर बिचौलियों की खासी भूमिका होती है जिससे किसानों को भी अपनी उपज का पूरा दाम नहीं मिल पाता. ऐसे में किसानों और बाजार के बीच मौजूद बिचौलियों की भूमिका खत्म करना सरकार की मंशा है. इसके लिए ऐसी व्यवस्था बनाई जा रही है, जिससे किसानों को उनकी उपज का भुगतान बिक्री के 48 घंटे के भीतर सीधे उनके बैंक खातों में मिल सके.
अमित शाह ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन महासंघ (नाफेड) के ई-नीलामी पोर्टल NAFEX.in की शुरुआत की. इस दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे.
उपज के एकएक दाने की हो खरीद
अमित शाह ने कहा कि अब समय है कि नाफेड और एनसीसीएफ पूरी पारदर्शिता के साथ दलहन तथा अन्य फसलों का एक-एक दाना सीधे किसानों से खरीदें, बिचौलियों के तंत्र को समाप्त करें और मुनाफा जिस पर किसानों का सीधे हक है, वह उन तक अवश्य पहुंचाएं.
किसानों को मिलेगा लाभकारी मूल्य, गांवों तक पहुंच होगी
किसानों से दलहन का एक-एक दाना सीधे खरीदने की व्यवस्था होगी. इससे किसानों को लाभकारी मूल्य मिलेगा और देश दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि पिछले 3 वर्षों में दलहन, मक्का तथा अन्य कृषि उत्पादों की सीधी खरीद के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचा तैयार किया गया है. अब इसे गांव स्तर तक पहुंचाने की आवश्यकता है.
किसान की महीनों की मेहनत का फल फसल तैयार होने के बाद मिलता है. लेकिन जब किसान अपनी उपज को लेकर मंडी पहुंचता है तो उस समय उसे अपनी उपज का दाम पूरा नहीं मिल पाता. कारण है मंडी में बिचौलियों का दबदबा होना. ऐसे में किसान उनके हाथों अपनी फसल बेचने को मजबूर होता है. लेकिन अब सरकार की इस नई व्यवस्था से, नया पोर्टल लॉन्च होने से किसानों को उनकी उपज का दाम केवल 48 घंटे के अंदर ही मिल जाएगा.





