Food and Health-
इनसान की जिंदगी यों तो तमाम झमेलों से भरी होती है, मगर सुबह से रात तक खाने की अहमियत से इनकार नहीं किया जा सकता है. इनसान की सारी गतिविधियों का मकसद कुछ कमाना और भर पेट खाना होता है. सजनासंवरना और मनोरंजन करना जैसी चीजें खाने के बाद ही आती हैं. भूखे इनसान को पढ़नालिखना, घूमनाफिरना या कुछ भी करना अच्छा नहीं लगता. जब पेट भरा हो तभी खेलकूद जैसी चीजें इनसान को रास आती हैं.
खानपान से जुड़ी बातें पत्रिकाओं व अखबारों में छपती ही रहती हैं, मगर यहां पेश हैं खानपान से संबंधित कुछ खास खबरें :
मशीन सूंध कर बताएगी कि खाना ठीक है या नहीं?:
अकसर यह अंदाजा लगाना ठिन होता है कि कोई खाना खाने लायक है या नहीं. कुछ लोग सूंघ कर कहेंगे कि खाना तो सही लग रही है, पर वही खाना किसी को खराब महसूस होता है.
अब यह काम मशीनों के जरीए होगा. ये मशीनें सूंघ कर बता देंगी कि खाना खाने लायक है या नहीं. ये मशीनें यह भी बताएंगी कि वातावरण में फैले प्रदूषण का स्तर इनसान के लिए कितना घातक है.
भारतीय मूल के एक शोधकर्ता के साथ मिल कर कुछ वैज्ञानिकों ने लंदन (इंगलैंड) में एक ऐसा बायो सेंसर तैयार किया है, जो मशीनों को इनसानों की ही तरह अच्छी और खराब महक में फर्क करने की कूवत देता है.
भारतीय वैज्ञानिक के साथ इंगलैंड और इटली के वैज्ञानिकों ने इनसान की नाक को सूंघने की कूवत देने वाले प्रोटीनों से यह बायो सेंसर बनाया है. यह शोध ‘नेचर कम्युनिकेशंस’ जर्नल में छपा है.
यानी आने वाले वक्त में किसी खाने की अच्छाई या खराबी का वारान्यारा मशीनों द्वारा किया जाएगा.
तलीभुनी चीजें खाने से अल्जाइमर का डर :
तलीभुनी करारी व जायकेदार चीजें खाने का शौक ज्यादातर लोगों को होता है, मगर यह कितना घातक हो सकता है, इस का अंदाजा लोगों को नहीं होता. न्यूयार्क (अमेरिका) में किए गए एक शोध में इस बात का खुलासा हुआ है कि ज्यादा तलीभुनी चीजें खाने से अल्जाइमर होने का खतरा रहता है.
शोध करने वालों के मुताबिक खाने को तेज आंच पर पकाने से उस में ऐसे तत्त्व आ जाते हैं, जिन के कारण अल्जाइमर के साथसाथ ज्यादा उम्र में होने वाली दूसरी बीमारियों का भी खतरा बढ़ जाता है. तलनेभूनने के दौरान अमूमन चीजों को तेज आंच पर ही चढ़ाया जाता है. तलीभुनी चीजें यकीनन खाने में तो लजीज लगती हैं, पर उन्हें खाने से धीरेधीरे भूलने की बीमारी यानी अल्जाइमर की चपेट में आने का डर बढ़ जाता है. लोगों को इस बात का खयाल रखना चाहिए वरना यादों की कूवत घटने का पूरापूरा खतरा हो सकता है. यह शोध ‘जर्नल आफ अल्जाइमर डिजीज’ में छापा गया है.
गमलों में लगाएं सेब :
खुद की मेहनत से घर के बगीचे या क्यारियों में उगाए गए फल सभी को भाते हैं. इसी तरह घर की सब्जियां भी स्वादिष्ठ व सेहत के लिए उम्दा होती हैं. लेकिन जमीन की कमी की वजह से घर के फल या सब्जियां खाना सभी के लिए मुमकिन नहीं हो पाता. ऐसे ही लोगों के लिए सेब की रूट स्टाक सुपर चीफ और शैलेट स्पर प्रजातियां बेहद फायदेमंद हो सकती है.
ये प्रजातियां थोड़ी सी जगह में ही जल्दी उत्पादन देने लगती हैं. इन प्रजातियों के पौधों को गमलों से आराम से लगाया जा सकता है. ऐसे एक पौधे से 30 किलोग्राम तक पैदावार ली जा सकती है.
बागबानी वैज्ञानिकों के मुताबिक जितनी जमीन पर सामान्य प्रजाति के सेब के 250 पौधे लगाए जा सकते हैं, उतनी ही जगह पर स्पर प्रजाति के 4000 पौधे लगाए जा सकते हैं. इन्हें 1 से डेढ़ मीटर के फासले पर लगाते हैं. ये पौधे 3 सालों बाद ही फल देने लगते हैं.
देहरादून के चकराता, कालसी, मसूरी और दूसरे पहाड़ी इलाकों में इस प्रजाति के पौधों को किचन गार्डन के साथसाथ घरों में गमलों में भी लगाया जा सकता है. सेब की ये स्पर प्रजातियां हालैंड की हैं.
दिमाग के लिए कारगर हैं हरी सब्जियां :
हरी सब्जियों की महिमा का बखान हमेशा ही किया जाता है. माना जाता है कि पालक जैसी हरी सब्जियां खाने से खून की मात्रा बढ़ती है और हीमोग्लोबिन की कमी भी ठीक हो जाती है. मगर वाशिंगटन (अमेरिका) में पिछले दिनों की गई खोज के मुताबिक हरी सब्जियों के इस्तेमाल से दिमाग भी तेज हो जाता है.
हाल ही में किए गए एक अध्ययन के मुताबिक गोभी व पालक जैसी हरी सब्जियां खाने से दिमाग तंदुरुस्त और युवा हो जाता है. वैज्ञानिकों ने 950 बूढ़े लोगों पर खोजबीन कर के नतीजा निकाला है कि जो लोग सरसों का साग, पालक व गोभी जैसी हरी सब्जियां रोजाना 1 या 2 बार खाते हैं, उन का दिमाग बहुत तेज होता है.
वैज्ञानिकों के मुताबिक हरी सब्जियां खाने वालों को अल्जाइमर व डिमेंशिया जैसे रोग होने का डर भी नहीं रहता. हरी सब्जियों में पाए जाने वाले विटामिन के, फोलेट व बीटा कैरोटीन दिमाग को दुरुस्त रखने में कारगर रहते हैं.
हरी मिर्च घटाएगी मोटापा:
यों तो आयुर्वेद में हरी मिर्च को सेहत के लिहाज से अच्छा माना जाता है, मगर अब नए जमाने के वैज्ञानिकों को भी हरी मिर्च में तमाम खूबियां नजर आने लगी हैं. वैज्ञानिकों ने अपने शोध में पाया है कि हरी मिर्च खाने से मोटापा घटाया जा सकता है.
अमेरिका की यूनिवर्सिटी आफ वेयोनिंग में भारतीय मूल के वैज्ञानिक डा. भास्कर त्यागराजन ने बायोफिजिकल सोसायटी की बैठक में इस शोध की जानकारी दी. डा. भास्कर के मुताबिक हरी मिर्च में कैप्सेसिन खास तत्त्व के तौर पर पाया जाता है, जो कैलोरी पर रोक लगाए बगैर ऊर्जा को बढ़ावा देता है.
डा. भास्कर के मुताबिक हरी मिर्च मोटापे पर लगाम लगाने के साथसाथ टाइप 2 डायबिटीज, हाई ब्लडप्रेशर और दिल संबंधी रोगों को दुरुस्त करने में भी कारगर होती है.
आमतौर पर मोटापा ज्यादा कैलोरी वाला खाना खाने और ऊर्जा के खर्च में असंतुलन की वजह से होता है. हरी मिर्च खाने और ऊर्जा के खर्च में संतुलन बनाती है, नतीजतन मोटापा काबू में रहता है.
ग्रीन टी :
ग्रीन टी को सामान्य चाय के मुकाबले हमेशा तरजीह दी जाती है, अलबत्ता आम लोगों को आम चाय का ही ज्यादा चसका होता है. नई खोजों से खुलासा हुआ है कि ग्रीन टी पीने से मुंह के कैंसर का खतरा नहीं रहता है. अमेरिका के वैज्ञानिकों ने ग्रीन टी में एक ऐसा तत्त्व पाया है, जो मुंह की कैंसर कोशिकाओं को मार सकता है. इस से स्वस्थ कोशिकाओं को कोई नुकसान नहीं होता.
कुल मिला कर ग्रीन टी सेहत के लिए बेहद मुफीद होती है, लिहाजा सभी को इस का इस्तेमाल करना चाहिए. Food and Health





