Agriculture Jobs 2026. राज्य लोक सेवा आयोग समय-समय पर हॉर्टीकल्चर ऑफिसर के पदों पर भर्ती आयोजित करते रहते है. यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए एक शानदार अवसर होती है जिन्होंने हॉर्टीकल्चर विषय में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है और सरकारी क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं.
यदि आप APPSC हॉर्टीकल्चर ऑफिसर परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, तो इस लेख में आपको भर्ती से जुड़ी पात्रता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया, परीक्षा पैटर्न, सिलेबस, वेतन, कार्य एवं तैयारी की रणनीति के बारे में विस्तृत जानकारी मिलेगी.

APPSC हॉर्टीकल्चर ऑफिसर भर्ती 2026

APPSC हॉर्टीकल्चर ऑफिसर भर्ती परीक्षा आंध्र प्रदेश सरकार के हॉर्टीकल्चर विभाग में राजपत्रित (Gazetted) पदों के लिए आयोजित की जाती है. इस परीक्षा का उद्देश्य योग्य और कुशल उम्मीदवारों का चयन करना है, जो राज्य में बागवानी क्षेत्र के विकास में अहम् भूमिका निभा सकें. इस पूरी भर्ती प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, कंप्यूटर प्रवीणता परीक्षा (क्वालिफाइंग) टेस्ट तथा दस्तावेज़ सत्यापन शामिल होते हैं.

पात्रता

इस नौकरी के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ साइंस इन हॉर्टीकल्चर या इसके समकक्ष डिग्री प्राप्त करनी होगी. उम्मीदवार को यह सुनिश्चित करना होगा कि वह निर्धारित शैक्षणिक योग्यता को पूरा करता है.

आयु सीमा की बात करें तो आमतौर पर उम्मीदवार की आयु कम से कम 18 वर्ष और अधिकतम 42 वर्ष होनी चाहिए. लेकिन अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और अन्य आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को राज्य सरकार के नियमों के अनुसार आयु में छूट मिल सकती है।

चयन प्रक्रिया

APPSC हॉर्टीकल्चर ऑफिसर भर्ती तीन चरणों में पूरी होती है: पहले चरण की बात की जाए तो उसमें उम्मीदवारों को वस्तुनिष्ठ (Objective Type) लिखित परीक्षा देनी होती है. इस परीक्षा में सामान्य अध्ययन, मानसिक क्षमता तथा हॉर्टीकल्चर विषय से संबंधित प्रश्न पूछे जाते हैं.
दूसरे चरण में सफल अभ्यर्थियों को कंप्यूटर प्रवीणता परीक्षा (Computer Proficiency Test) देनी होती है. यह केवल योग्यता (Qualifying) प्रकृति की परीक्षा होती है और अंतिम मेरिट लिस्ट में इसके अंक जोड़े नहीं जाते.

अंतिम चरण में दस्तावेज़ सत्यापन किया जाता है, जिसमें उम्मीदवारों के शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आयु प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज़ों की जांच की जाती है.

परीक्षा पैटर्न

लिखित परीक्षा स्नातक स्तर की होती है। इसमें कुल चार पेपर होते हैं. पहला पेपर सामान्य अंग्रेजी और सामान्य तेलुगु का होता है, जो योग्यता प्राप्त करने के लिए होता है. इसके अलावा, सामान्य अध्ययन और मानसिक क्षमता, बागवानी पेपर-I, और बागवानी पेपर-II मुख्य परीक्षा का हिस्सा होते हैं. हर मुख्य पेपर 150 अंकों का होता है और प्रश्न वस्तुनिष्ठ प्रकार के होते हैं.

क्या होता है परीक्षा का सिलेबस

इस परीक्षा का सिलेबस सामान्य अध्ययन और हॉर्टीकल्चर विषय दोनों को कवर करता है.

जनरल स्टडीज एवं मानसिक क्षमता

इस भाग में भारतीय संविधान, भारतीय इतिहास, भूगोल, अर्थव्यवस्था, पर्यावरण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, समसामयिक घटनाएँ, तार्किक क्षमता, डेटा इंटरप्रिटेशन तथा मानसिक योग्यता से प्रश्न पूछे जाते हैं.

हॉर्टीकल्चर विषय

हॉर्टीकल्चर के सिलेबस में पौध प्रवर्धन (Plant Propagation), फल विज्ञान (Pomology), सब्जी विज्ञान (Olericulture), पुष्पकृषि (Floriculture), नर्सरी प्रबंधन, संरक्षित खेती (Protected Cultivation), मृदा विज्ञान (Soil Science), पौध पोषण, सिंचाई प्रबंधन, पौध रोग एवं कीट प्रबंधन, जैविक खेती, पोस्ट हार्वेस्ट टेक्नोलॉजी, कृषि विस्तार तथा हॉर्टीकल्चर अर्थशास्त्र जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल होते हैं.

हॉर्टीकल्चर ऑफिसर को कितना मिलेगा वेतन

आंध्र प्रदेश सरकार, चयनित उम्मीदवारों को अपने वेतनमान के अनुसार एक अच्छा वेतन देती है. इसके अलावा, उन्हें महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, यात्रा भत्ता, चिकित्सा सुविधाएँ, अवकाश, और पेंशन जैसे कई लाभ मिलते हैं.

हॉर्टीकल्चर ऑफिसर की जिम्मेदारियाँ

एक हॉर्टीकल्चर ऑफिसर का काम सिर्फ कार्यालय में नहीं होता, बल्कि उन्हें किसानों के बीच जाना होता है और बागवानी से जुड़ी तकनीकी मदद करनी होती है. वह किसानों को नए खेती के तरीकों के बारे में बताता है, सरकार की योजनाओं का प्रचार करता है, पौधशालाओं की जांच करता है, फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले कीटों और रोगों से बचाव के तरीके सुझाता है, और यह सुनिश्चित करता है कि विभाग की योजनाएं अच्छी तरह से लागू हों.

परीक्षा की तैयारी कैसे करें?

इस परीक्षा में सफल होने के लिए, सबसे पहले आपको आधिकारिक सिलेबस को अच्छी तरह से समझना होगा और उसके अनुसार अपनी पढ़ाई की योजना बनानी होगी. हॉर्टीकल्चर के मुख्य विषयों पर ध्यान देना जरूरी है, जैसे कि फलों का विज्ञान, सब्जियों का विज्ञान, पौधों का प्रवर्धन, मिट्टी का विज्ञान और पौधों का संरक्षण.

हर दिन थोड़ा समय सामान्य ज्ञान और वर्तमान घटनाओं को पढ़ने में दें. पिछले सालों के प्रश्न पत्रों को हल करना भी बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे आपको पता चलेगा कि परीक्षा में किस तरह के प्रश्न पूछे जा सकते हैं.

इसके अलावा, समय-समय पर अभ्यास परीक्षण देना न भूलें, जिससे आप अपनी तैयारी का मूल्यांकन कर सकें और जिन विषयों में आपको कमजोरी महसूस हो, उन पर अधिक मेहनत करें. यह प्रक्रिया आपको परीक्षा में सफलता प्राप्त करने में मदद करेगी.

तैयारी के लिए उपयोगी पुस्तकें

इस परीक्षा की तैयारी के लिए Fundamentals of Horticulture (जितेंद्र सिंह), Introductory Horticulture (एन. कुमार), Plant Propagation: Principles and Practices (Hartmann & Kester) तथा Objective Agriculture (एस.आर. कांतवा) जैसी पुस्तकें उपयोगी मानी जाती हैं। सामान्य अध्ययन के लिए APPSC परीक्षा से संबंधित मानक पुस्तकों और विश्वसनीय करेंट अफेयर्स सामग्री का अध्ययन करना भी लाभदायक रहेगा.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...