Chicken Feed. मुरगी पालन एक फायदेमंद कारोबार है, इस में कोई शक नहीं. यह कारोबार पिछले 2 दशकों से खेतीबारी का एक अहम हिस्सा बन चुका है. मुरगी पालन में आसानी, काम शुरू करने के लिए कम पूंजी, अच्छा उत्पादन और अच्छा फायदा हासिल करने में कम समय का लगना वगैरह कई वजहें इस कारोबार को कामयाब बना रही हैं.

इस काम को कामयाब और फायदेमंद बनाने में प्रजनन, पोषण, देखरेख व बीमारियों की रोकथाम में हुई वैज्ञानिक तरक्की का भी कम योगदान नहीं है.

मुरगी पालन में दाने की अहमियत

मुरगी पालन में कुल लागत का 70-75 फीसदी हिस्सा दाने पर खर्च होता है. मुरगी पालन के सभी पहलुओं में दाना बहुत खास पहलू है. कारोबार को फायदेमंद बनाने के लिए बढि़या चारेदाने का इंतजाम बहुत जरूरी है.

कम लागत पर सभी जरूरी पोषक तत्त्वों वाला संतुलित दाना  बनाने के लिए हमें मुरगी दाने पर पारंपरिक, अपारंपरिक अवयव व दाने में उन के इस्तेमाल के बारे में जानकारी होना जरूरी है.

इस काम से ज्यादा फायदा हासिल करने के लिए पक्षियों को संतुलित दाना देना जरूरी है और दाने में सभी पोषक तत्त्वों का संतुलित मात्रा में होना भी जरूरी है. आहार से सभी जरूरी तत्त्व कार्बोहाइड्रेट, फैट, प्रोटीन, खनिज, विटामिन वगैरह जरूरत के मुताबिक उचित मात्रा में पक्षियों को हासिल होने चाहिए. इस के साथ ही साफ व ताजा पानी भी पक्षियों को समय पर मिलना बहुत जरूरी है.

आहार देने योग्य बातें

कभी भी एक महीने से ज्यादा समय का दाना बना कर स्टोर न करें. ज्यादा समय का दाना स्टोर करने पर दाने की क्वालिटी खराब हो जाती है.

तमाम चीजों को पीस कर दाने में अच्छी तरह मिलाना चाहिए.

शुरू में चूजों की ब्रूडिंग के दौरान 4-5 दिन तक दाना कागज पर बिखेर कर देना चाहिए. इस के बाद चिक फीडर का इस्तेमाल करना चाहिए.

हमेशा फीडर में दाना देते समय फीडर या आहार पात्र का एकतिहाई हिस्सा खाली रखें. जिस से मुरगी खाते समय दाने को कम गिराती है.

शेड में रखे गए पक्षियों व चूजों की संख्या के अनुसार बरतन रख कर दाना देना चाहिए.

फीडर का साइज पक्षी की उम्र के अनुसार (चिक फीडर, ग्रोअर फीडर, लेयर फीडर) रखना चाहिए, ताकि पक्षी आसानी से दाना खा सके.

फीडर व पानी के बरतनों को एक लाइन में समान दूरी पर रखें.

फीडर को बल्बों के नीचे लगाएं, ताकि पक्षियों को दाना खाने में आसानी रहे.

इस तरह मुरगी पालन में दाने का सही इंतजाम कर के कारोबार को फायदेमंद बना कर अच्छा उत्पादन लिया जा सकता है. Chicken Feed

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...