दिल्ली प्रेस के कृषि प्लेटफॉर्म फार्म एन फूड द्वारा आयोजित “FarmNFood Krishi Samman Awards 2026 – उत्तराखंड” का भव्य आयोजन 6 अगस्त 2026 गुरुवार को आईआरडीटी ऑडिटोरियम, देहरादून में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. इस गरिमामय समारोह में उत्तराखंड के प्रगतिशील किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि उद्यमियों, किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), कृषि संस्थानों तथा कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया.

कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में नवाचार, आधुनिक तकनीक, कृषि यंत्रीकरण, जलवायु अनुकूल खेती, बागवानी, कृषि उद्यमिता तथा किसानों की आय बढ़ाने के सफल प्रयासों को प्रोत्साहित करना था.

कार्यक्रम का शुभारंभ दिल्ली प्रेस के एडिटर एवं पब्लिशर परेश नाथ के स्वागत भाषण से हुआ. उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, कृषि विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों, प्रगतिशील किसानों, उद्योग प्रतिनिधियों और सभी उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया.

कृषि मंत्री गणेश जोशी रहे मुख्य अतिथि

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के कृषि, कृषि विपणन, उद्यान एवं कृषि प्रसंस्करण तथा फल उद्योग मंत्री गणेश जोशी रहे, जबकि ग्रामीण विकास, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), खाद्य एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए.

Awardsअपने संबोधन में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड के किसान अपनी मेहनत, नवाचार और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर राज्य की कृषि को नई दिशा दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि कृषि केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था और ग्रामीण विकास की आधारशिला है.

उन्होंने किसानों से प्राकृतिक एवं जलवायु अनुकूल खेती, कृषि यंत्रीकरण, बागवानी तथा मूल्य संवर्धन जैसी आधुनिक पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने तथा युवा पीढ़ी को कृषि एवं एग्री-उद्यमिता से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है. उन्होंने ऐसे आयोजनों को किसानों के उत्साहवर्धन और कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया.

भरत सिंह चौधरी ने किसानों को दी शुभकामनाएं

विशिष्ट अतिथि भरत सिंह चौधरी ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्धि का वास्तविक आधार राज्य के किसान हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने, स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा आधुनिक एवं जलवायु अनुकूल कृषि को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है.

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सेब सहित बागवानी फसलों का उत्पादन लगातार बढ़ रहा है, जो किसानों की आर्थिक प्रगति का सकारात्मक संकेत है. सरकार का प्रयास है कि किसान आधुनिक तकनीकों, मूल्य संवर्धन और कृषि आधारित उद्यमों से जुड़कर आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनें. उन्होंने सभी सम्मानित किसानों एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.

नॉलेज फोरम में कृषि विकास की रणनीतियों पर चर्चा

समारोह का प्रमुख आकर्षण “नॉलेज फोरम” रहा, जिसका विषय था— “उत्तराखंड में जलवायु अनुकूल वर्षा आधारित कृषि: कृषि यंत्रीकरण, नवाचार, बागवानी एवं किसानों की आय बढ़ाने की रणनीतियां.” इस परिचर्चा में देवेंद्र सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी, कृषि विभाग, देहरादून; डी.के. तिवारी, मुख्य उद्यान अधिकारी, देहरादून; डॉ. ए.के. शर्मा, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष, कृषि विज्ञान केंद्र, देहरादून; तरुण गोयल, एंड्रियास स्टिहल (ANDREAS STIHL) प्रतिनिधि तथा प्रगतिशील किसान सूर्य प्रकाश बहुगुणा, उत्तराखंड ने अपने विचार साझा किए.

विशेषज्ञों ने जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों, आधुनिक कृषि तकनीकों, कृषि यंत्रीकरण, बागवानी, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, मूल्य संवर्धन, कृषि उद्यमिता तथा किसानों की आय बढ़ाने के व्यावहारिक उपायों पर चर्चा की. इस नॉलेज फोरम का संचालन श्रुति जोशी, प्रोडक्ट हेड, फार्म एन फूड, दिल्ली प्रेस ने किया.

लोक संस्कृति ने बांधा समां

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती पारंपरिक लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया. समारोह में कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारकों के बीच संवाद, सहयोग और ज्ञान के आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिला, जिससे यह आयोजन केवल सम्मान समारोह न रहकर कृषि विकास के लिए एक सार्थक मंच बन गया.

किसानों और संस्थानों को विभिन्न श्रेणियों में मिला सम्मान

फार्म एन फूड कृषि सम्मान अवॉर्ड्स 2026 के तहत राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रगतिशील किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि संस्थानों और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया.

देहरादून के दिनेश कुमार गौड़ को बेस्ट फार्मर अवार्ड इन फील्ड क्रॉप्स, महाबल सिंह नेगी को बेस्ट यंग फार्मर अवार्ड, सुभाष चंद्र को बेस्ट फार्मर अवार्ड इन मैकेनाइजेशन, सुरेंद्र सिंह तोमर को बेस्ट फार्मर अवार्ड इन इनोवेटिव फार्मिंग, निर्मल सिंह तोमर को बेस्ट फार्मर इन हॉर्टिकल्चर क्रॉप्स अवार्ड, अंकित तोमर को बेस्ट एग्री टूरिज्म अवार्ड, हरिओम नौटियाल को बेस्ट डेयरी प्रोसेसिंग फार्मर अवार्ड, मोहम्मद साबीर को बेस्ट एनिमल कीपर अवार्ड, रेखा देवी को बेस्ट फार्मर अवार्ड इन ऑर्गेनिक एवं नेचुरल फार्मिंग तथा रविंद्र सिंह चौहान को बेस्ट फार्मर अवार्ड इन मार्केटिंग से सम्मानित किया गया.

नैनीताल जिले से हर्ष सिंह डंगवाल को बेस्ट फार्मर अवार्ड इन इंटीग्रेटेड फार्मिंग, माया नेगी को बेस्ट फीमेल फार्मर अवार्ड, हेमा डंगवाल को बेस्ट पोल्ट्री एंड फिशरी अवार्ड तथा नरेंद्र सिंह मेहरा को बेस्ट फार्मर अवार्ड इन ऑर्गेनिक एवं नेचुरल फार्मिंग प्रदान किया गया.

कृषि अनुसंधान एवं विस्तार सेवाओं में योगदान के लिए डॉ. किरण पंत, कृषि विज्ञान केंद्र, ढकरानी (देहरादून को) बेस्ट रिसर्च अवार्ड इन एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन तथा डॉ. श्वेता चौधरी, पंतनगर को बेस्ट रिसर्च अवार्ड इन एग्रीकल्चर से सम्मानित किया गया.

संस्थागत श्रेणी में कृषि विज्ञान केंद्र, धनौरी (हरिद्वार) को बेस्ट कृषि विज्ञान केंद्र अवार्ड तथा भूअमृत एफपीओ, हरिद्वार को बेस्ट एफपीओ अवार्ड प्रदान किया गया.

कार्यक्रम में एसोसिएट स्पोंसर के रूप में Andreas STIHL का सहयोग रहा. आयोजन में कृषि विशेषज्ञों, नीति-निर्माताओं, उद्योग प्रतिनिधियों, कृषि विभाग के अधिकारियों, प्रगतिशील किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े अनेक हितधारकों ने भाग लिया. अंत में भानु प्रकाश राणा, एग्रो एडिटर, फार्म एन फूड, दिल्ली प्रेस ने सभी का आभार व्यक्त किया.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...