Farmtrac Tractors-
एस्कौर्ट्स कुबोटा ने अपने फार्मट्रैक ब्रांड के 30 साल पूरे होने पर किसानों के लिए 3 नए ट्रैक्टर पेश किए हैं. कंपनी ने 6055 क्लासिक ‘डार्क एडिशन’ के साथ प्रोमैक्स 2.0 सीरीज के 47 एचटी प्रोमैक्स और 50 प्रोमैक्स मौडल बाजार में उतारे हैं. इन ट्रैक्टरों में ज्यादा टौर्क, दमदार हाइड्रोलिक्स और 4डब्ल्यूडी जैसे फीचर्स दिए गए हैं, ताकि किसान अलगअलग तरह के कृषि कार्य आसानी से कर सकें.
55 एचपी का आल ब्लैक ट्रैक्टर : कृषि यंत्रों के लिए खास
फार्मट्रैक 6055 क्लासिक डार्क एडिशन कंपनी का पहला आल ब्लैक ट्रैक्टर है. यह 55 एचपी श्रेणी में आता है और किसानों को 2डब्ल्यूडी और 4डब्ल्यूडी दोनों विकल्प मिलेंगे.
इस में 4 सिलैंडर वाला 3682 सीसी इंजन दिया गया है, जो अधिकतम 247 एनएम टौर्क पैदा करता है. इस की हाइड्रोलिक लिफ्ट की क्षमता 2,500 किलोग्राम है. इस से सुपर सीडर, रोटावेटर, हैरो, लेजर लैवलर और एमबी प्लाऊ जैसे भारी कृषि उपकरणों के साथ काम करना आसान होगा.
ट्रैक्टर में एलईडी लाइटिंग और हीट शील्ड जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं. इस का इस्तेमाल खेती के साथ भारी सामान ढोने जैसे कामों में भी किया जा सकता है.
प्रोमैक्स 2.0 में 2 नए मौडल :
कंपनी ने प्रोमैक्स 2.0 सीरीज में 47 एचटी प्रोमैक्स और 50 प्रोमैक्स को शामिल किया है. दोनों मौडल 2डब्ल्यूडी और 4डब्ल्यूडी विकल्पों में उपलब्ध होंगे.
इन में 3514 सीसी का हाई टौर्क इंजन दिया गया है, जो अधिकतम 230 एनएम टौर्क पैदा करता है. ट्रैक्टर में 12 फौरवर्ड और 3 रिवर्स गियर मिलते हैं. खास कृषि कार्यों के लिए क्रीपर स्पीड का विकल्प भी दिया गया है, जिस से ट्रैक्टर को बहुत धीमी गति पर चलाया जा सकता है.
इन मौडलों में खुला और आरामदायक फ्लैट प्लेटफार्म दिया गया है. कंपनी के मुताबिक, इन्हें आधुनिक खेती में बढ़ती मशीनरी की जरूरत को ध्यान में रख कर तैयार किया गया है.
किसानों की बदलती पसंद पर नजर
एस्कौर्ट्स कुबोटा के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक निखिल नंदा ने कहा कि फार्मट्रैक की 30 साल की यात्रा किसानों के साथ कंपनी के मजबूत जुड़ाव को दिखाती है. नए ट्रैक्टरों के जरीए कंपनी अलगअलग कृषि कार्यों के लिए किसानों को बेहतर विकल्प देना चाहती है.
कंपनी के अनुसार, भारत में 41 से 50 एचपी श्रेणी के ट्रैक्टरों की मांग सब से ज्यादा है. वहीं किसान अब ज्यादा टौर्क और 4डब्ल्यूडी वाले ट्रैक्टरों को भी पसंद कर रहे हैं. इसी जरूरत को देखते हुए प्रोमैक्स 2.0 के नए मौडल पेश किए गए हैं.
फार्मट्रैक ब्रांड की शुरुआत भारत में 1995 में हुई थी. आज कंपनी 26 से 60 एचपी श्रेणी में ट्रैक्टर उपलब्ध कराती है. एस्कौर्ट्स कुबोटा के पास कुबोटा, फार्मट्रैक और पावरट्रैक 3 ट्रैक्टर ब्रांड हैं. Farmtrac Tractors





