खेती में इस्तेमाल किए जाने वाले कृषि यंत्रों में दिनोंदिन बदलाव हो रहे हैं. इस में खेती का खास यंत्र ट्रैक्टर की खास भूमिका निभा रहा है. हाल ही में अमेरिका की कंपनी ‘गोसन’ ने मूनराइडर 27 नाम का इलैक्ट्रिक ट्रैक्टर (Solar-Electric Tractor) पेश किया है, जिसे सूरज की रोशनी से भी चार्ज किया जा सकता है.
27 हौर्सपावर की ताकत वाला ट्रैक्टर
मूनराइडर 27 में 27 हौर्सपावर की इलैक्ट्रिक मोटर लगी है. इस में 24 केडब्लूएच की एलएफपी बैटरी दी गई है. कंपनी के मुताबिक, बैटरी पूरी तरह चार्ज होने पर ट्रैक्टर सामान्य काम में करीब 5 घंटे तक चल सकता है. इस के अलावा खेत में ट्रैक्टर द्वारा कितना काम किया जा रहा है, उस के हिसाब से यह समय कम या ज्यादा हो सकता है.
खेत में काम करते समय भी मिलेगी सौर ऊर्जा
इस ट्रैक्टर की सब से बड़ी खासीयत इसका सोलर कैनोपी है, जो ट्रैक्टर की छत पर लगी है. ट्रैक्टर के ऊपर लगाए जाने वाले इस सोलर पैनल की क्षमता करीब 1,100 वाट है. कंपनी का कहना है कि अच्छी धूप मिलने पर इससे ट्रैक्टर को करीब डेढ़ घंटे से ज्यादा काम लिया जा सकता है
यानी किसान खेत में काम करने के बाद ट्रैक्टर को धूप में खड़ा कर बैटरी में सौर ऊर्जा को स्टोर कर सकता है.
ढाई घंटे में 80 फीसदी होता है चार्ज
इस ट्रैक्टर को सिर्फ सोलर पैनल पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है, बल्कि इसे सामान्य 220 वोल्ट एसी चार्जर से भी चार्ज किया जा सकता है. कंपनी के अनुसार बैटरी को 0 से 80 फीसदी तक चार्ज करने में करीब ढाई घंटे लगते हैं.
न डीजल, न धुआं और न ज्यादा शोर और खर्चे में भी आएगी कमी
इलैक्ट्रिक ट्रैक्टर में डीजल इंजन नहीं होता. इस से डीजल का खर्च बचता है. इस में इंजन औयल और कुछ दूसरे नियमित रखरखाव का भी खर्च नहीं होगा. यह चलते समय धुआं नहीं छोड़ता और डीजल ट्रैक्टर की तुलना में खेती में काम करते समय शोर भी बहुत कम करता है.
ये खासीयतें भी
मूनराइडर 27 में 4-व्हील ड्राइव, 540/540ई पीटीओ और थ्री-पौइंट हिच जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं यानी इस में खेती के अनेक कृषि यंत्र लगा कर कई काम किए जा सकते हैं.
क्या है ट्रैक्टर की कीमत
इस खास ट्रैक्टर की कीमत करीब 19 लाख रुपए है. अमेरिकी बाजार में इस की शुरुआती कीमत 19,995 डौलर बताई गई है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 19 लाख रुपए बैठती है. भारत में आयात शुल्क, टैक्स और दूसरे खर्च जुड़ने पर कीमत कुछ अलग हो सकती है.
क्या भारत के किसानों के लिए कितना उपयोगी
सोलर लैक्ट्रिक ट्रैक्टर (Solar-Electric Tractor) किसानों के लिए डीजल का खर्च कम करने का एक नया रास्ता खोल सकता है खासकर छोटे और मंझले किसानों के लिए लाभदायक हो सकता है, क्योंकि इस के इस्तेमाल करने पर खर्च में कुछ कमी आ सकती है.





