मध्य प्रदेश के किसानों को प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत का काम किया है. अब वे साल 2026-27 में शून्य ब्याज पर फसल ऋण (Interest-Free Loans) ले सकते हैं.
योजना पुरानी, अभी भी है जारी
मध्य प्रदेश सरकार की यह योजना अल्पावधि फसल ऋण योजना है. इस योजना के तहत किसानों को जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों से जुड़े सहकारी समितियों के माध्यम से फसल ऋण उपलब्ध कराया जाता है. यह योजना प्रदेश में वर्ष 2012-13 से चल रही है. यह योजना आगे भी जारी रहेगी.
खरीफ व रबी के लिए अलग ड्यू डेट नहीं
सरकार ने इस साल ऋण व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया है. अब खरीफ और रबी फसल के लिए अलगअलग ड्यू डेट निर्धारित करने के बजाय वार्षिक एकल ऋण सीमा रखी जाएगी. इस में नकद और वस्तु ऋण की उपसीमा पहले की तरह निर्धारित रहेगी.
नई व्यवस्था के तहत किसान द्वारा पहली बार ऋण राशि निकालने की तारीख से 12 महीने की अवधि ऋण की देय तिथि के लिए निर्धारित की जाएगी. इस से किसानों को ऋण चुकाने की अवधि को ले कर अधिक सुविधा मिलेगी.
समय पर ऋण चुकाने पर ब्याज शून्य
योजना के तहत अल्पावधि फसल ऋण लेने वाले किसानों को 1.25 प्रतिशत सामान्य ब्याज अनुदान दिया जाएगा. इस के अलावा निर्धारित ड्यू डेट तक ऋण चुकाने वाले किसानों को 4 फीसदी अतिरिक्त ब्याज अनुदान भी राज्य सरकार की ओर से दिया जाएगा.
सरकार के अनुसार निर्धारित समय पर ऋण चुकाने वाले किसानों को 3 लाख रुपए तक के अल्पावधि फसल ऋण पर प्रभावी रूप से शून्य फीसदी ब्याज की सुविधा मिलती है.
नए केसीसी के लिए औनलाइन आवेदन
नए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की प्रक्रिया को भी औनलाइन और आसान बनाया गया है. आवेदन के दौरान किसान की आधार संबंधी जानकारी और भूमि का विवरण औनलाइन प्राप्त किया जा सकेगा. किसान को बोई जाने वाली फसल और संबंधित भूमि के रकबे की जानकारी देनी होगी. इस के बाद फसल और रकबे के आधार पर सरकार द्वारा निर्धारित फसल ऋणमान के अनुसार किसान की पात्र ऋण सीमा तय की जाएगी. पात्रता पूरी होने के बाद किसान को केसीसी के माध्यम से अल्पावधि फसल ऋण उपलब्ध कराया जाएगा.
किसान कहां करें संपर्क?
नए किसान क्रेडिट कार्ड और अल्पावधि फसल ऋण से जुड़ी प्रक्रिया जानने के लिए किसान अपनी संबंधित बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति से संपर्क कर सकते हैं. मध्य प्रदेश सरकार की योजना जानकारी के अनुसार केसीसी के माध्यम से भूमिधारी किसानों को प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के जरीए अल्पावधि फसल ऋण उपलब्ध कराया जाता है. Interest-Free Loans





