Livestock Insurance-
पशुपालकों किसानों के लिए सरकार ने बड़ी राहत दी है. अब गाय, भैंस, बकरी की असमय मौत पर आपको बड़ा नुकसान नहीं होगा. सरकार पशु बीमा योजना के तहत 85 प्रतिशत प्रीमियम खुद देगी. आपको सिर्फ 15 प्रतिशत देना होगा.
क्या है योजना ?
यह योजना राष्ट्रीय पशुधन मिशन के तहत चल रही है. उत्तर प्रदेश में इसे मुख्यमंत्री जोखिम प्रबंधन एवं पशुधन बीमा योजना के नाम से लागू किया गया है. इस साल 2.28 लाख पशुओं का बीमा करने का लक्ष्य है.
कैसे होगा पशुओं का बीमा?
बीमा कराना बहुत आसान है. आपको अपने नजदीकी सरकारी पशु चिकित्सालय में जाना है. वहां पशु चिकित्सक आपके पशु की सेहत देखेगा और उसकी बाजार कीमत तय करेगा. उसके कान में यूनिक ईयर टैग लगाया जाएगा. फिर बीमा कंपनी का एजेंट मौके पर ही मोबाइल ऐप से फोटो लेकर पॉलिसी जारी कर देगा.
कितना होगा किसान का खर्चा?
मान लीजिए आपके पशु की कीमत 50 हजार रुपए लगी. इसका सालाना प्रीमियम औसत 2250 रुपये बनता है. इसमें से सरकार 1913 रुपये देगी. आपको सिर्फ 337 रुपये देने होंगे. अगर कीमत 60 हजार है तो आपको करीब 360 रुपये ही देने होंगे. और पूरे साल के लिए 60 हजार की सुरक्षा मिल जाएगी.
किन पशुओं का होगा बीमा और कितना मिलेगा पैसा?
सरकार ने हर नस्ल के लिए अधिकतम लिमिट तय की है. पशु की उम्र और नस्ल के हिसाब से बीमा होगा.
– मुर्रा, भदावरी भैंस – 75 हजार रुपये तक.
– साहीवाल, गिर, क्रॉस ब्रीड गाय – 65 हजार रुपये तक.
– हरियाणा, थारपारकर गाय – 60 हजार रुपये तक.
– घोड़ा, घोड़ी – 60 हजार रुपये तक.
– भेड़, बकरी – 6500 रुपये तक.
– गाभिन बछिया, पड़िया – 25 हजार रुपये तक.
उम्र की सीमा – गाय 2 से 10 साल, भैंस 3 से 10 साल, भेड़ बकरी 1 से 5 साल.
पशु की मौत पर क्या करें, ये गलती न करें.
यह सबसे जरूरी है. पशु की मौत होने पर 24 से 48 घंटे के अंदर सूचना देना अनिवार्य है. आप पशुपालन विभाग को, अपने पशु डॉक्टर को या बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर पर सूचना दे सकते हैं.
सूचना मिलते ही 24 घंटे के अंदर कंपनी का सर्वेयर और डॉक्टर गांव आएगा. पोस्टमार्टम होगा.
रिपोर्ट के आधार पर एक महीने के भीतर क्लेम की राशि सीधे आपके बैंक खाते में आ जाएगी.
अगर पशु स्थायी रूप से विकलांग हो जाता है तो 75 प्रतिशत राशि मिलेगी.
ध्यान दें, बीमा पॉलिसी शुरू होने के 21 दिन बाद से ही कवर शुरू होता है. लेकिन हादसे में पहले दिन से ही कवर मिलेगा.Livestock Insurance





