देश के पूर्वोत्तर पहाड़ी इलाकों में अब महीन और अच्छी गुणवत्ता वाले ऊन का उत्पादन बढ़ाने की तैयारी है. इसके लिए तमिलनाडु से भारत मेरिनो नस्ल की 33 भेड़ों को अरुणाचल प्रदेश भेजा गया है. इनमें 26 मादा और 7 नर भेड़ें शामिल हैं. इन भेड़ों की मदद से अरुणाचल प्रदेश के दिरांग में इस नस्ल का नया प्रजनन झुंड तैयार किया जाएगा.
यह पहल भाकृअनुप-केंद्रीय भेड़ एवं ऊन अनुसंधान संस्थान (ICAR-CSWRI), अविकानगर के दक्षिणी क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र, मन्नावनूर (तमिलनाडु) की ओर से की गई है.
विगत दिनों संस्थान के निदेशक डॉ. अरुण कुमार तोमर ने वैज्ञानिकों और तकनीकी अधिकारियों की मौजूदगी में भेड़ों की खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
ठंडे इलाकों के लिए खास है भारत मेरिनो
भारत मेरिनो महीन और उच्च गुणवत्ता वाला ऊन देने वाली उन्नत नस्ल है. इसकी खासियत यह है कि यह ठंडे मौसम और अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में अच्छी तरह अनुकूल हो सकती है. ऐसे में अरुणाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में इस नस्ल का विस्तार भेड़ पालन को बढ़ावा देने के साथ ऊन उत्पादन की गुणवत्ता सुधारने में भी मददगार हो सकता है.
दिरांग में तैयार होगा नया प्रजनन झुंड
तमिलनाडु से भेजी गई इन भेड़ों को अरुणाचल प्रदेश के दिरांग स्थित भाकृअनुप-राष्ट्रीय याक अनुसंधान केंद्र (ICAR-NRC on Yak) पहुंचाया जाएगा. वहां इन्हें आधारभूत प्रजनन स्टॉक के रूप में रखा जाएगा. इनके जरिए भारत मेरिनो नस्ल का नया झुंड तैयार किया जाएगा, जिससे आने वाले समय में इस नस्ल की भेड़ों की संख्या बढ़ाई जा सकेगी.
पांच राज्यों से होकर गुजरेगा काफिला
इन 33 भेड़ों को सड़क मार्ग से अरुणाचल प्रदेश ले जाया जा रहा है. इस दौरान खेप को 5 राज्यों से होकर गुजरना होगा. करीब 10 दिनों की के बाद इनके दिरांग पहुंचने की उम्मीद है.
पशुपालकों के लिए खुलेंगे नए अवसर
इस पहल से पूर्वोत्तर के पहाड़ी क्षेत्रों में वैज्ञानिक तरीके से भेड़ पालन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. भारत मेरिनो जैसी उन्नत नस्ल के विस्तार से अच्छी गुणवत्ता वाले ऊन का उत्पादन बढ़ाया जा सकेगा. इससे स्थानीय पशुपालकों को भेड़ पालन के नए अवसर मिल सकते हैं और क्षेत्र में ऊन आधारित उद्योग को भी मजबूती मिल सकती है.





