Flaxseed Pest Control-
अलसी के खास कीट
कर्तन कीट (एग्राटिस एप्सिलान) : गरमी के मौसम के अंत में मादा अंडे देती है. कर्तन कीट अलसी के पौधे को पूरी तरह या उसे जमीन के भाग से काट देता है. इस की सूंड़ी दिन के समय जमीन में रहती है और रात के समय निकल कर खाती है. जमीन की सहत से सूंड़ी करीब 3 से 5 हफ्ते तक खाती है, जिस से पौधा पूरी तरह से मर जाता है या कमजोर होने के कारण बीमार हो जाता है.
रोकथाम
* खेतों के पास प्रकाश प्रपंच 20 फेरोमोन ट्रैप प्रति हेक्टेयर की दर से लगा कर प्रौढ़ कीटों को आकर्षित कर के खत्म किया जा सकता है.
* खेतों के बीचबीच में घासफूस के छोटेछोटे ढेर शाम के समय लगा देने चाहिए. रात में जब सूंडि़यां खाने को निकलती हैं, तो बाद में इन्हीं में छिपेंगी, जिन्हें घास हटा कर असानी से खत्म किया जा सकता है.
* सूंडि़यों का असर बढ़ने पर क्लोरपायरीफास 20 ईसी का 1 लीटर प्रति हेक्टेयर या नीम के तेल का 3 फीसदी प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव करें.
अलसी की कली या गालमिज मक्खी : अलसी की कली के पैर लंबे होते हैं और पंख के पीछे वाले भाग पर बाल पाए जाते हैं. मादा दिन के समय एकल या गुच्छों में फूलों की बाहरी पत्ती पर अंडे देती है. अंडों से 1 या 2 दिनों में फूट कर मैगेट निकलते हैं. मैगेट कली में छेद कर के अंदर घुस जाते हैं और अंदर से फूल को खा जाते हैं. ये पूरी फसल को नष्ट कर देते हैं और फूल को बीज बनाने से रोकते हैं.
रोकथाम
* मैगेट परजीवी चालसिड तैयतैंयां सिसटैसिस डैसूनेरी मैगट की मात्रा को कम करने में सहायक होगा.
* जरूरत के हिसाब से कीटनाशी रसायन साइपरमेथ्रिन 25 फीसदी की 350 मिलीलीटर मात्रा या इमिडाक्लोप्रिड 17.8 एसएल की 1 मिलीलीटर मात्रा या डाइमिथोएट 30 ईसी या मेटासिसटाक्स 25 ईसी की 1.25-2.0 मिलीलीटर मात्रा का प्रति लीटर प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव करें.
* कार्बारिल 10 फीसदी डीपी का 25 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर की दर से बुरकाव करें.
लीफ माइनर या पर्ण सुरंगक कीट : लीफ माइनर अलसी का बहुभक्षी कीट है. भारत में वयस्क मक्खी चमकीले गहरे रंग की होती है. लीफ माइनर अलसी की फसल की 25 फीसदी पत्तियों को नुकसान पहुंचाता है. इस का प्रकोप अधिकतर फरवरी व मार्च में होता है. लीफ माइनर के मैगेट पत्ती के निचले व ऊपर के बीच को खाते हैं और पत्ती की शिराओं में सुरंग बना लेते हैं.
रोकथाम
* प्रकोप होने पर 5 फीसदी एनएसकेई का छिड़काव करें.
* ज्यादा प्रकोप होने पर?थायोमिथाक्सोम 25 डब्ल्यूपी 100 जी या क्लोथिनीडीन 50 फीसदी डब्ल्यू डीजी की 20-24 ग्राम मात्रा को 500 लीटर पानी में घोल कर छिड़काव करें या डाईमिथोएट 30 ईसी का 1.0-1.5 लीटर या मेटासिसटाक्स का 1.5-2.0 लीटर प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव करें.
फलभेदक कीट (हेलिकोवर्पा आर्मीजेरा) : इस कीट की मादा अलसी की पत्तियों व बाह्यदल पुंज की निचली सतह पर हलके पीले रंग के खरबूजे की तरह धारियों वाले अंडे एकएक कर के देती है. इस की सूंड़ी चढ़ने वाली सूंड़ी से अलग होती है. नवजात सूंड़ी फूल, कली और एक समय के लिए कैपसूल में घुस जाती है और कैपसूल के अंदर का न्यूट्रैंट खा जाती है. सूंड़ी कैपसूल से बाहर निकल कर पत्ती खाती है और फिर दूसरे कैपसूल में घुस जाती है.
रोकथाम
सूंड़ी की पहली अवस्था दिखाई देते ही 250 एलई के एचएएनपीवी को 1 किलोग्राम गुड़ व 0.1 फीसदी टीपोल में मिला कर छिड़काव करें. फिर 5 फीसदी एनएसकेई का छिड़काव करें. प्रकोप बढ़ने पर क्विनोलफास 25 ईसी या क्लोरपायरीफास 20 ईसी का 2 मिलीमीटर प्रति लीटर या इमिडाक्लोप्रिड 17.8 एसएल का 1 मिलीमीटर प्रति लीटर की दर से छिड़काव करें. स्पाइनोसैड 45 एससी व थायोमेंक्जाम 70 डब्ल्यूएससी का 1 मिलीमीटर प्रति लीटर की दर से इस्तेमाल करें.
सेमीलूपर (प्लूसिया ओरिचेल्सिया) : इस कीट की सूंड़ी पीठ को ऊपर उठा कर या अर्धलूप बनाती हुई चलती है, इसलिए इसे सेमीलूपर कहा जाता है. सूंड़ी की आखिरी अवस्था अलसी के फूल, कली व पत्ती को खाती है. ऊपर चढ़ने वाली सूंड़ी हमेशा जमीन से ऊपर के पौधे के हर भाग को काटती है. सेमीलूपर भारत के विभिन्न भागों में पाई जाती है. यह फलसब्जी की फसल के साथ ही अलसी की फसल को भी खाती है.
रोकथाम : खेत में 20 फेरोमोन ट्रैप प्रति हेक्टेयर की दर से लगाएं. खेत में परजीवी पक्षियों के बैठने के लिए 10 ठिकाने प्रति हेक्टेयर के हिसाब से लगाएं. प्रकोप बढ़ने पर क्लोरपायरीफास 20 ईसी 1 लीटर प्रति हेक्टेयर या नीम का तेल 3 फीसदी की दर से छिड़कें.
बिहारी बालदार सूंड़ी (स्पाइलोसोपा ओबलिक्वा) : मादा अपने जीवनकाल में 800 से 1000 अंडे देती है. अंडे 3-5 दिनों में फूट जाते हैं. अंडों से निकली छोटी सूंडि़यां शुरू में एक जगह पर झुंड में चिपकी रहती हैं. फिर 1-2 दिनों में अलगअलग बिखर जाती हैं. विकसित सूंड़ी गहरे नारंगी या काले रंग की होती है, जिस के शरीर पर चारों तरफ घने बाल होते हैं. ये पौधे की पत्तियों की निचली सतह को खा जाती है.
रोकथाम : सूंड़ी दिखाई देते ही एसओएनपीवी की 250 एलई या 3 ग 1012 पीओबी का प्रति हेक्टेयर की दर से 7-8 दिनों के अंतराल पर छिड़काव करें. फसल में फालिडाल धूल 2 फीसदी का 20-25 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर की दर से इस्तेमाल करना चाहिए. स्पाइनोसैड 45 एससी, इंडोक्सकार्ब 14.5 एससी व थायोमेंक्जाम 70 डब्ल्यूएससी का 1 मिलीमीटर प्रति लीटर की दर से इस्तेमाल करें.
कटाईमड़ाई व भंडारण : जब फसल की पत्तियां सूखने लगें और कैप्सूल भूरे रंग के हो जाएं और बीज चमकदार बन जाएं, तब फसल की कटाई करनी चाहिए. बीजों में 70 फीसदी तक सापेक्ष आर्द्रता और 8 फीसदी नमी की मात्रा भंडारण के लिए अच्छी है.
उपज : अलसी की उपज सामान्यतया 20-25 क्विंटल प्रति हेक्टेयर होती है.





