Goat Farming. बकरीपालन को अधिक लाभकारी बनाने के लिए मथुरा स्थित वेटरनरी कॉलेज के रिसर्च एवं कृत्रिम गर्भाधान केंद्र में मात्र 50 रुपए में बकरियों के कृत्रिम गर्भाधान (Artificial Insemination-AI) की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है. इस पहल का उद्देश्य बकरियों की नस्ल में सुधार करना, दूध और मांस उत्पादन बढ़ाना तथा पशुपालकों की आय में वृद्धि करना है.
रिसर्च केंद्र में उच्च गुणवत्ता वाली नस्ल के बकरों का वीर्य संरक्षित रखा जाता है. कृत्रिम गर्भाधान के माध्यम से इसका उपयोग करने पर बेहतर आनुवंशिक गुणों वाले बच्चे मिलने की संभावना बढ़ जाती है. इससे भविष्य में पूरे झुंड की नस्ल में धीरे-धीरे सुधार किया जा सकता है.
क्या हैं कृत्रिम गर्भाधान के फायदे?
कृत्रिम गर्भाधान अपनाने से पशुपालकों को कई लाभ मिल सकते हैं, जैसे :
-बेहतर नस्ल के बच्चे मिलने की संभावना बढ़ती है.
-बच्चों की वृद्धि और वजन तेजी से बढ़ सकता है.
-दूध और मांस उत्पादन क्षमता में सुधार हो सकता है.
सफलता के लिए इन बातों का रखें ध्यान :
विशेषज्ञों के अनुसार केवल अच्छे बकरे का वीर्य ही पर्याप्त नहीं है. बेहतर परिणाम के लिए कुछ जरूरी बातों का पालन करना आवश्यक है :
-मादा बकरी पूरी तरह स्वस्थ हो.
-सही समय पर कृत्रिम गर्भाधान कराया जाए.
-गर्भधान की प्रक्रिया प्रशिक्षित तकनीशियन द्वारा की जाए.
-गर्भावस्था के दौरान संतुलित आहार और उचित देखभाल जरूरी है.
-जन्म के बाद बच्चों का समय पर टीकाकरण, कृमिनाशन और पोषण सुनिश्चित किया जाए.
विशेषज्ञ ने क्या कहा?
रिसर्च सेंटर के इंचार्ज एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मुकुल आनंद के अनुसार, यदि अच्छी नस्ल के बकरे का वीर्य उपयोग किया जाए और मादा बकरी स्वस्थ हो, तो पैदा होने वाले बच्चों में बेहतर विकास, अधिक वजन बढ़ाने की क्षमता और नस्ल के अनुसार बेहतर दूध या मांस उत्पादन की संभावना रहती है. हालांकि इसका पूरा लाभ तभी मिलता है, जब पशुओं का वैज्ञानिक तरीके से पालन-पोषण किया जाए.
किन राज्यों में मिल सकती है यह सुविधा?
देश के कई राज्यों में पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत बकरियों का कृत्रिम गर्भाधान रियायती दरों पर कराया जाता है. कुछ क्षेत्रों में इसकी फीस 50 रुपए तक हो सकती है. हालांकि शुल्क और सुविधा संबंधित राज्य एवं योजना के अनुसार अलग-अलग हो सकती है.
यदि आप बकरीपालन से अधिक मुनाफा कमाना चाहते हैं, तो कृत्रिम गर्भाधान एक प्रभावी विकल्प साबित हो सकता है. कम लागत में बेहतर नस्ल तैयार करने की यह तकनीक भविष्य में उत्पादन बढ़ाने और आय में सुधार करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है. Goat Farming





