किसान केमिकल खादों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिस से न केवल फसल पर असर पड़ रहा है, बल्कि जमीन और आबोहवा भी खराब होती जा रही है. ऐसे में केंचुआ खाद (Vermicompost) खेतों के लिए बहुत फायदेमंद है. इस खाद को मिट्टी में मिलाने से और केंचुओं से मिट्टी भुरभुरी व उपजाऊ बनती है, जिस से पौधों की जड़ों को पनपने के लिए अच्छा माहौल बनता है. केंचुआ खाद को वर्मी कंपोस्ट भी कहते हैं.
क्या हैं फायदे और कैसे बनती है केंचुआ खाद
केंचुआ खाद मिट्टी में कार्बनिक पदार्थ बढ़ाती है और मिट्टी में जैविक क्रियाओं को लगातार बनाए रखता है. केंचुआ खाद में पोषक तत्त्व अच्छी व संतुलित मात्रा में होते हैं. इस खाद से खेत की मिट्टी भुरभुरी हो जाती है, जिस से उस में पोषक तत्त्व व पानी रोकने की मात्रा बढ़ जाती है और हवा का आवागमन भी मिट्टी में लगातार बना रहता है.
केंचुआ खाद को बरबाद हो चुकी
चीजों का इस्तेमाल कर के बनाया जाता है. कूड़ाकरकट, गोबर व फसलों के कचरे से इसे तैयार किया जाता है, जिस से गंदगी में कमी आती है साथ ही आबोहवा को भी सुरक्षा मिलती है. यह खाद टिकाऊ खेती के लिए बहुत ही जरूरी है.
पर्यावरण के लिए लाभकारी
इस का रोल सिर्फ पर्यावरण और खेतों तक ही सीमित नहीं है, अगर केंचुआ खाद के उत्पादन को औद्योगिक स्तर पर आंका जाए तो इस से किसानों की रोजीरोटी चलती है. केंचुआ मिट्टी में अपना योगदान मिट्टी सुधारक के रूप में देता आ रहा है. इन की मौजूदगी मिट्टी में अपनेआप चलती रहती है.
पहले की बात कही जाए तो केंचुए जमीन में पाए जाते थे और बारिश के मौसम में जमीन के ऊपर दिखते थे, लेकिन अब केमिकल खादों और कीटनाशकों से केंचुओं की तादाद कम हो गई है.
हालात ये हैं कि केंचुए अब जमीन में नहीं के बराबर पाए जाते हैं, जिस से मिट्टी अपनी उर्वरा ताकत खो रही है.
कितने समय में तैयार होती है खाद
केंचुओं से खेत पर ही कंपोस्ट तैयार की जा सकती है. कंपोस्ट तैयार होने में तकरीबन 45 से 75 दिनों का समय लगता है. यह खाद बहुत ही असरदार होती है और इस में पौधों के लिए सभी पोषक तत्त्व भरपूर मात्रा में होते हैं और पौधे इन को फौरन ग्रहण कर लेते हैं.
केंचुआ मिट्टी में पाया जाने वाला ऐसा जीव है, जो अपने खाने के रूप में मिट्टी और कच्चे जीवांश को निगल कर अपनी पाचन नलिका से गुजारता है, जिस से वह महीन कंपोस्ट में बदल जाता है और अपने शरीर से बाहर छोटीछोटी कास्टिगस के रूप में निकालते हैं. इसी कंपोस्ट को केंचुआ खाद या वर्मी कंपोस्ट कहा जाता है.





