Summer Drink : कुछ साल पहले तक शिकंजी (Summer Drink) दिल्ली और आसपास की जगहों में ही पाई जाती थी. अब यह दिल्ली के साथ ही साथ उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और दूसरी जगहों पर भी बिकने लगी है. शिकंजी गरमी के पेय पदार्थों में सब से तेजी से आगे बढ़ी है.

शिकंजी का रोजगार

यह साधारण लोगों के लिए रोजगार का साधन भी बन गई है. शिकंजी का कारोबार करने के लिए किसी तरह की बड़ी पूंजी की जरूरत नहीं पड़ती है. हाथ से चलने वाले एक ठेले में सभी कुछ रखा जा सकता है.

शिकंजी बेचने के लिए भीड़भाड़ वाली जगह का चुनाव करना ठीक रहता है.  इस की सब से ज्यादा बिक्री दिन में उस समय होती है, जब गरमी अपनी चरम सीमा पर होती है. गरमी से बचने के लिए लोग शिकंजी पीते हैं. शिकंजी एक ओर पीने वाले की सेहत सुधारती है, उस के शरीर में होने वाली पानी की कमी को पूरा करती है, तो दूसरी ओर शिकंजी बेचने वाले को मुनाफा कमाने का मौका दे कर उस की आर्थिक हालत को भी सुधारती है.

मिलता है अच्छा मुनाफा

20 रुपए में बिकने वाली शिकंजी की लागत 10 रुपए से भी कम होती है. जरूरत इस बात की होती है कि शिकंजी में कालेनमक के साथ डाला जाने वाला मसाला ठीक से तैयार हो. इस का स्वाद अच्छा हो. इसे साफसुथरे तरीके से तैयार किया जाए. इस बात का खास खयाल शिकंजी बनाते समय रखना चाहिए कि बरफ उतनी ही मिलाई जाए, जो पीने वाले को पंसद हो. कुछ लोग ज्यादा ठंडी शिकंजी पसंद नहीं करते हैं. ऐसे में पीने वाले का ध्यान जरूर रखना चाहिए. मोटे तौर पर शिकंजी नीबू का रस, कालानमक व चीनी को पानी में मिला कर तैयार की जाती है.

कैसे बनाएं शिकंजी

4 गिलास शिकंजी बनाने के लिए 2 नीबू और 8 चम्मच चीनी की जरूरत होती है. कालानमक और मसाला स्वाद के अनुसार डालें. शिकंजी में बरफ के टुकड़े डालने के बजाय बरफ को मिक्सी में पानी के साथ मिलाना ठीक रहता है.

सब से पहले नीबुओं का रस निकाल लें. रस में चीनी डाल कर आपस में अच्छी तरह मिलाएं. 4 गिलास पानी और बरफ को मिक्सी में डाल कर मिलाएं. इस में नीबू के रस और चीनी वाला घोल डाल दें. अब कालानमक और मसाला डाल कर मिक्सी में मिलाएं. इस के बाद गिलासों में डाल कर पीने वालों को दे दें.

शिकंजी केवल ठेलों पर ही नहीं बिकती. गरमी के दिनों में कुछ बड़े होटलों में भी यह मिलती है. वहां इसे नीबू के पतलेपतले टुकड़ों से सजाया जाता है. गरमी के दिनों में हराभरा एहसास दिलाने के लिए नीबू के पतले टुकड़ों के साथ पुदीने की पत्तियों से भी सजावट की जाती है.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...