Heat Wave : देशभर के कई राज्यों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, खासकर देश के पूर्वी इलाकों में हीट वेब के आसार हैं. सुबह से ही तेज धूप तपा रही है. इन दिनों स्कूल की भी छुट्टियां भी हो चुकी हैं. हालांकि यह तेज धूप जुते हुए खाली पड़े खेतों के लिए लाभदायक है. लेकिन आमजन से लेकर पशुओं तक के लिए तपती गर्मीं किसी कहर से कम नहीं. आइए जानते हैं कि आने वाले समय में कहां और कैसा रहेगा मौसम का मिजाज :
दिल्ली-एनसीआर में हीटवेव की चेतावनी
आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में तापमान लगातार बढ़ने वाला है. मौसम विभाग ने कल यानी मंगलवार को राजधानी में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. वहीं कल दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री जा सकता है और आने वाले 3 दिनों तक राजधानी में तापमान बढ़ने के पूरे आसार हैं.
उत्तर प्रदेश भी दिल्ली से कम नहीं
उत्तर प्रदेश में कल भी भीषण गर्मी पड़ने वाली है. मौसम विभाग ने यहां के लिए भी तापमान बढ़ने के साथ ही हीटवेव चलने की चेतावनी दी है. रात को भी गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है और आने वाले कई दिनों तक पूरे उत्तर प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं.
बिहार में हो सकती है बरसात
बिहार के मौसम में बदलाव हो सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, सहरसा, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, मधेपुरा, बांका, मुजफ्फरपुर और सीतामढ़ी में आंधी के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है.
राजस्थान और मध्य प्रदेश में यही हालात
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के कोटा, सवाई माधोपुर, बीकानेर, अजमेर, बूंदी, उदयपुर, जैसलमेर, अनूपगढ़, अलवर, करौली, सीकर और जोधपुर में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की गई है. वहीं दिन के वक्त तापमान भी बढ़ने की संभावना जताई है.
मध्य प्रदेश के भी यही हाल हैं. वहां भोपाल, दमोह, सतना, गुना, ग्वालियर, उज्जैन, खरगोन, मुरैना, इंदौर, छतरपुर, बालाघाट, विदिशा, रीवा आदि में भी लू चलने की पूरी संभावना है, क्योंकि जिस तरह से तापमान बढ़ रहा है और जब हवाएं चलेंगी तो लू चलने के आसार बनेंगे.
पहाड़ों पर राहत
उत्तराखंड से हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों पर गर्मी से राहत मिलेगी. वहां बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, अल्मोड़ा, ऋषिकेश, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत और उधम सिंह नगर में बारिश-आंधी की संभावना है, तो शिमला, सोलन, सिरमौर, कुल्लू, ऊना, कांगड़ा और किन्नौर में हल्की बारिश होने की संभावना है.





