Fertilizer :भाकृअनुप-केंद्रीय भेड़ एवं ऊन अनुसंधान संस्थान, अविकानगर द्वारा मई महीने के पहले सप्ताह में मेल मालपुरा तहसील के गांव देशमी में ‘मेरा गांव मेरा गौरव’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया. इस का आयोजन संस्थान के निदेशक डॉ. अरुण कुमार तोमर के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता मे किया गया, जिसमें किसानों एवं पशुपालकों को वैज्ञानिक जानकारी प्रदान की गई.
इन्होंने दिए सुझाव, कैसे बढ़ेगी खेती की पैदावार
डॉ. लीलाराम गुर्जर द्वारा किसानों को राष्ट्रीय उर्वरक जागरूकता अभियान के तहत उर्वरकों (Fertilizer) के सही उपयोग पर जोर देते हुए ‘सही उर्वरक, सही मात्रा, सही समय और सही स्थान’ का संदेश दिया गया.
डॉ. गरिमा चौधरी ने पशुओं में नस्ल सुधार एवं इनब्रिडिंग से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी.
डॉ. स्रोबना सरकार ने पशुओं में संतुलित आहार एवं घर पर फीड मिश्रण तैयार करने के बारे में विस्तार से बताया.
डॉ. अरविंद सोनी ने भेड़पालन में मांस एवं दुग्ध उत्पादों के मूल्य संवर्धन एवं उन से आय बढ़ाने के उपाय बताए.
टीम लीडर एवं एसीएसपी उपयोजना के डॉ. अजय कुमार ने किसानों को अपने हर खेत की हर फसल बोने से पहले मृदा परीक्षण एवं उर्वरकों के संतुलित उपयोग पर प्रकाश डाला.
कार्यक्रम में निदेशक डॉ. अरुण कुमार तोमर ने किसानों को जैविक उर्वरकों (देशी सड़ी गोबर खाद, हरी ढेंचा खाद बनाने, रिजोबियम कल्चर आदि ) के उपयोग और मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने का संदेश दिया.
इस कार्यक्रम के दौरान किसानों की समस्याओं का समाधान अविकानगर की वैज्ञानिक टीम द्वारा किया गया तथा प्रश्नोत्तरी के माध्यम से विजेता किसानों को इनपुट्स का वितरण कर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम मे कुल 98 (53 महिला औ 45 पुरुष) पशुपालकों को मिनरल्स मिक्सचर ईंट का वितरण अनुसूचित जाति उपयोजना से किया गया.





