Subsidy on Cotton Seeds: पंजाब में कपास किसानों के लिए सरकार ने दिया तोहफा. किसानों को सस्ते दाम पर मिलेगा बीज और कपास की बढ़ेगी पैदावार.
सब्सिडी मिलने से पंजाब में बढ़ेगी कपास की खेती
कपास की खेती को बढ़ावा देने के मकसद से किसानों को कपास बीज पर 33 प्रतिशत तक सब्सिडी (Subsidy on Cotton Seeds ) दी जाएगी. इस योजना के तहत देसी और बीटी कपास की खेती करने वाले किसानों को आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिससे कपास पैदा करने वाले किसानों को अधिक फायदा होगा.
पिछले कई सालों से पंजाब में कपास की खेती से किसानों का मोहभंग हो गया था, ऐसे में सरकार ने किसानों का कपास की खेती पर भरोसा बन सके इस कारण यह फैसला किया है, ताकि पंजाब के किसान कपास की खेती को बड़े पैमाने पर करें.
किसे और कैसे मिलेगा योजना का लाभ
इस योजना का लाभ देने के लिए सरकार ने किसान पात्रता की एक सीमा तय की है :
-जिन किसानों के पास अधिकतम 5 एकड़ तक भूमि है, वही इस योजना के तहत सब्सिडी (Subsidy) के लिए पात्र होंगे.
-इसका उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को अधिक लाभ पहुंचाना है, ताकि वे कम लागत में खेती कर सकें.
कपास की खेती से क्यों मुंह मोड़ा था किसानों ने
पंजाब में कुछ सालों पहले बड़े पैमाने पर कपास उगाई जाती थी, लेकिन पिछले दिनों कपास की खेती पर गुलाबी सूंड़ी (पिंक बॉलवर्म) का हमला रहा, जिसने कपास की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया. इसके चलते किसानों ने अन्य फसलों की ओर रुख करना शुरू कर दिया और कपास का रकबा घटता गया, जबकि कभी पंजाब प्रदेश कपास की खेती लिए जाना जाता था.
कपास की खेती का बढ़ेगा रकबा, किसानों की बढ़ेगी आमदनी
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि किसानों को कपास के अच्छे बीज और सरकारी सहयोग मिले, तो कपास की खेती फिर से लाभकारी बन सकती है. इसके लिए किसानों को समय पर कपास की बोआई करके और उसका कीट प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना भी जरूरी है, ताकि फसल को नुकसान से बचाया जा सके और बेहतर उत्पादन प्राप्त हो सके. इसी को साकार करने के लिए सरकार किसानों को कपास बीज पर सब्सिडी दे रही है.
कैसे मिलेगा सब्सिडी का लाभ
इस योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को 20 अप्रैल से 31 मई तक सरकारी पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा और सब्सिडी का लाभ केवल उन्हीं बीजों पर मिलेगा, जिन्हें पंजाब कृषि विश्वविद्यालय द्वारा मान्यता प्राप्त है.
कपास किसानों के लिए यह योजना किसानों की लागत को कम करेगी, बल्कि उन्हें मुनाफा भी देगी. किसानों को बीज पर सब्सिडी मिलने से किसानों की आय में सुधार होगा.





