Crop Insurance. किसान पूरे साल मेहनत करके फसल तैयार करता है, लेकिन कभी सूखा, कभी बाढ़, कभी ओलावृष्टि तो कभी बेमौसम बारिश और तूफान उसकी मेहनत पर पानी फेर देते हैं. ऐसे समय में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) किसानों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच का काम करता है. खरीफ सीजन 2026 के लिए योजना के तहत पंजीयन शुरू हो चुका है और किसान 31 जुलाई 2026 तक अपनी फसलों का बीमा करा सकते हैं.
अलनीनो का असर, फसल पर रखें नजर
इस साल मौसम विभाग ने कई इलाकों में एल-नीनो के प्रभाव के कारण सामान्य से कम या अनियमित बारिश की संभावना जताई है. ऐसे में समय रहते फसल बीमा कराना समझदारी भरा कदम होगा.
इन 11 खरीफ फसलों का करा सकते हैं बीमा
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ मौसम की 11 अधिसूचित फसलों जिनमें धान (सिंचित एवं असिंचित), मक्का, सोयाबीन, अरहर, मूंगफली, मूंग, उड़द, कोदो, कुटकी, रागी का बीमा कराया जा सकता है.
इसकी अधिक जानकारी के लिए किसान कृषि विस्तार अधिकारी या अपने नजदीकी कृषि विभाग से संपर्क कर सकते हैं.
आवेदन कहां करें?
योजना का लाभ लेने के लिए किसान अपने बैंक के माध्यम से, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), अधिकृत बीमा एजेंट या कृषि विभाग में आवेदन कर सकते हैं. किसान चाहें तो PM फसल बीमा पोर्टल पर भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
कब मिलेगा बीमा का लाभ?
यह फसल बीमा योजना फसल के अलग-अलग चरणों में होने वाले नुकसान को कवर करती है. किसानों को इन स्थितियों में बीमा का लाभ मिल सकता है :
-ओलावृष्टि, जलभराव, बादल फटना और भूस्खलन जैसी स्थानीय प्राकृतिक आपदाएं.
-कटाई के बाद खेत में रखी उपज का चक्रवात या बेमौसम बारिश से नुकसान होना.
फसल खराब हो जाए तो क्या करें?
यदि प्राकृतिक आपदा से फसल को नुकसान होता है, तो किसान को 72 घंटे के भीतर इसकी सूचना संबंधित बीमा कंपनी, कृषि विभाग को देनी होगी. अगर आप समय पर सूचना देते हैं तो बीमा क्लेम की प्रक्रिया आसान हो जाती है. किसी भी सहायता के लिए किसान टोल-फ्री हेल्पलाइन 14447 पर भी संपर्क कर सकते हैं.
समय पर बीमा कराना क्यों जरूरी?
आज मौसम पहले से अधिक अनिश्चित हो गया है. कभी सूखा तो कभी अचानक भारी बारिश किसानों के लिए बड़ी चुनौती बन रही है. ऐसे में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना फसल को तो नहीं बचा सकती, लेकिन नुकसान की स्थिति में आर्थिक सहारा जरूर देती है, इसलिए अंतिम तिथि का इंतजार न करें और 31 जुलाई 2026 से पहले अपनी फसल का बीमा जरूर करा लें.
फार्म एन फूड सलाह
फसल बीमा कराने से पहले आवेदन की रसीद, बैंक खाते की जानकारी, आधार नंबर और जमीन/फसल से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज अपने पास सुरक्षित रखें. बीमा पॉलिसी की प्रति संभालकर रखें और फसल को नुकसान होने पर 72 घंटे के भीतर सूचना देना बिल्कुल न भूलें.





