Fertilizer Test: आजकल देश-भर में नकली उत्पादों का खासा बोलबाला है और कृषि क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं है. आए-दिन नकली खाद की खबरें भी आती रहती हैं, लेकिन किसान क्या करे. उसके लिए असली-नकली खाद का फर्क करना भी आसान नहीं है. ऐसे में किसान क्या करें, आइए जानते हैं.
ऐसे करें पहचान (Fertilizer Test)
डीएपी (डाय-अमोनियम फॉस्फेट) :
डीएपी के कुछ दाने हाथ में लें और उसमें चूना मिलाकर मलें, अगर ऐसा करने पर तेज गंध आए तो यह असली है.
इसके अलावा दूसरा तरीका है कि उर्वरक के कुछ दानों को तवे पर गर्म करें, अगर गरम करने पर दाने फूल जाएं तो समझें यह असली उर्वरक है.
यह भी आजमाएं
डीएपी के दाने अगर सख्त, भूरे-काले रंग के और नाखून से नहीं टूटते हैं, तो भी उर्वरक असली है.
असली यूरिया की कैसे करें पहचान
अगर यूरिया के दाने सफेद और चमकदार हैं और समान आकार के कड़े दाने हैं, तो यूरिया असली है.
इसके अलावा यूरिया के कुछ दाने लें और उन्हें पानी में घोलें. अगर पानी में घुलने पर ठंडक महसूस हो तो यूरिया असली है.
यूरिया के कुछ दाने तवे पर गर्म करें, अगर दाने पिघलकर बिना अवशेष के जल जाएं तो समझ लें कि असली यूरिया है.
सुपर फास्फेट की कैसे करें पहचान
सुपर फास्फेट के दाने सख्त और भूरे-काले रंग के होने पर यह असली होने की पहचान है.
दानों को तवे पर गर्म करने पर अगर दाने नहीं फूलते हैं तो यह असली है.
असली पोटाश की कैसे करें पहचान
नमी करने पर भी दाने आपस में चिपकते नहीं. यह भी असली पोटाश की पहचान है.
पोटाश के कुछ दानों को पानी में घोलकर देखें. अगर लाल भाग ऊपर तैरता है तो सही पोटाश के लक्षण हैं.
जिंक सल्फेट की कैसे करें पहचान
रंग व बनावट से करें पहचान. अगर दाने हल्के सफेद, पीले या भूरे बारीक कण हैं तो यह असली की पहचान है.
इसके अलावा डीएपी के घोल में मिलाने पर थक्केदार अवशेष बने तो असली है.
कास्टिक के घोल में मिलाकर देखें अगर सफेद मटमैला अवशेष घुल जाए तो यह असली की पहचान है, इसलिए खेती में असली उर्वरक की पहचान बहुत जरूरी है. ये छोटी-छोटी बातें हैं, जिन्हें जानकर किसान जानकार बन सकते हैं और खुद असली-नकली उर्वरक की पहचान कर धोखे से बच सकते हैं.





