Plastic Low Tunnel Technique . सब्जियों की अच्छी पैदावार उस क्षेत्र की जलवायु और मिट्टी की उपज क्षमता पर निर्भर होती है. सब्जियों को बेमौसम में उगाने के लिए वातावरण उस फसल के अनुकूल हो, इस का ध्यान रखना भी लाजिम है. ऐसी ही एक तकनीक है प्लास्टिक लो टनल तकनीक, जिस से हम कम खर्च में ही बेमौसमी सब्जियों को पैदा कर के उस से ज्यादा फायदा ले सकते हैं.

प्लास्टिक लो टनल तकनीक वह है जिस में कम तापमान पर पौधों को सुरक्षित रखा जाता है. यह ऐसी विधि है जिस में प्लास्टिक या पौलीथिन के द्वारा कम ऊंचाई में ढक कर घेरा बनाया जाता है, जो देखने में छोटे ग्रीन हाउस जैसा लगता है.

इस को बनाने के लिए खेत में ऊंची जगह पर छोटीछोटी क्यारियां बनाएं. क्यारियों को उत्तरदक्षिण दिशा में बनाएं, जिस से सूरज की रोशनी मिलती रहे. क्यारियों के बीच में सिंचाई के लिए ड्रिप लाइन बिछा दें. क्यारियों के अंदर पतले पाइप या तारों से अर्धगोलाकार में मोड़ कर इस प्रकार का घेरा बना लें, जिस के दोनों सिरों की दूरी तकरीबन 2 फुट हो और ऊंचाई तकरीबन 2 फुट ही रखें. ये जो बनाए गए घेरे हैं, इन्हें क्यारी में लगाने पर एक घेरे की दूरी दूसरे घेरे से तकरीबन डेढ़ से 2 मीटर रखें और इन्हें क्यारियों में सही दूरी पर लगा दें. इस के बाद पौध को इन क्यारियों में बो दें. बाद में 20 माइक्रोन मोटाई और तकरीबन 2 मीटर चौड़ाई की आरपार दिखने वाली प्लास्टिक की चादर से इन क्यारियों को ढक दें. क्यारियों को ढकने के बाद लंबाई वाली तरफ से प्लास्टिक के किनारों को मिट्टी में दबा दें. इस तरीके से रोपी गई पौध पर प्लास्टिक का एक लंबा व छोटा ग्रीन हाउस जैसा बन जाता है.

तापमान करें नियंत्रित : रात के समय का तापमान यदि 5 डिगरी से कम हो तो प्लास्टिक की चादर में छेद करने की जरूरत नहीं है. जब तापमान बढ़ने लगे तब प्लास्टिक की चादर में छेद करने की जरूरत होती है. जैसेजैसे तापमान बढ़ता जाता है, प्लास्टिक में छेदों की संख्या भी बढ़ा दी जाती है. पहले ढाई से 3 मीटर की दूरी पर छेद बनाते हैं, बाद में इन्हें 1-1 मीटर की दूरी पर बनाते हैं.

धीरेधीरे जब मौसम ठीक होने लगता है, उस समय तापमान को ध्यान में रखते हुए मार्च महीने तक टनल की प्लास्टिक को पूरी तरह हटा दिया जाता है. इस समय तक फसल काफी बढ़ चुकी होती है और कुछ समय बाद खेतों में फल प्राप्त होने लगते हैं.

इस लो टनल तकनीक से विभिन्न सब्जियों की फसल को तय समय से तकरीबन डेढ़ महीने पहले हासिल किया जा सकता है, जिस से अच्छा फायदा मिलता है. Plastic Low Tunnel Technique

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...