Animal Care. इन दिनों देश के कई क्षेत्रों में भीषण गरमी का असर दिख रहा है, तापमान बढ़ रहा है. ऐसे में पशुओं की सेहत का खयाल रखना बेहद जरूरी है. तेज धूप और अधिक गरमी से पशु जल्दी बीमार पड़ सकते हैं. गरमियों के दिनों में सही देखभाल न मिलने की वजह से दुधारू पशु अचानक बीमार पड़ जाते हैं, जिससे उनकी दूध देने की क्षमता घट जाती है और पशुपालकों को बड़ा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. ऐसे में पशुओं की सही देखभाल बेहद जरूरी हो जाती है. आइए, जानते हैं गरमी के मौसम में कैसे करें पशुओं की देखभाल :
पशुओं के रहने की व्यवस्था को करें दुरुस्त
बढ़ती गरमी और लू के थपेड़ों से पशुओं को बचने के लिए उन्हें छायादार जगह पर रखें. अगर पशुओं के बाड़े की छत धूप में अधिक तपती है तो इससे बचने के लिए बाड़े की छत के ऊपर बोरे या पुआल आदि डाल दें, जिससे अधिक गरमी नहीं होगी. इसके अलावा पशुशाला में पंखा या कूलर भी लगाएं और एक एक्जॉस्ट फैन भी लगाएं जो अंदर की गरम हवा बाहर निकालने का काम करेगा.
चारे पानी का रखे खास ध्यान
गरमियों में पशुओं के लिए पीने का साफ पानी सबसे अहम भूमिका निभाता है. पशुओं को सुबह और शाम और दोपहर के समय हमेशा ताजा और ठंडा पानी ही पिलाएं. इसके साथ ही दोपहर की तेज धूप में पशुओं को बाहर चरने के लिए बिलकुल न छोड़ें. हरा चारा खिलाएं. अगर मौसम में ठंडक है तो उन्हें बाहर किसी पेड़ के नीचे बांध सकते हैं.
पशुओं को नहलाना भी जरूरी
गरमी में पशुओं को दिन में 2 बार जरूर नहलाएं, लेकिन इसके समय का खास ध्यान रखें. पशुओं को हमेशा सुबह और शाम के वक्त ही नहलाना चाहिए. दोपहर की तेज गरमी में उन्हें भूलकर भी न नहलाएं, क्योंकि अचानक ठंडे पानी से पशु के शरीर का तापमान बिगड़ सकता है और वह तुरंत बीमार हो सकता है.
पशुओं की सेहत के बारे में जानें
अगर पशु के मुंह से राल गिर रही है, तो यह उसके बीमार होने का कुछ लक्षण दिखें तो बिना कोई देरी किए तुरंत डॉक्टर को बुलाकर उसका इलाज करवाएं. इसके साथ ही मवेशियों का समय पर टीकाकरण जरूर करवाएं.





