अच्छे बीज स्टोरेज (Seed Storage) के लिए फसल की कटाई के समय से ही ध्यान देना चाहिए. सही समय पर कटाई करना बहुत जरूरी है, क्योंकि कम पकाव में कटाई करने से भंडार में बीज खराब हो जाते हैं. फसल कटाई के समय मौसम का ध्यान रखना चाहिए. इस के लिए कटाई गरम और सूखे मौसम में करनी चाहिए.

कटाई के समय हवा में अधिक नमी होने से मटर, लोबिया राजमा के बीजों की क्वालिटी पर बहुत असर पड़ता है, जिस के कारण बीज जमाव में कमी, नुकसान व चमक में कमी हो जाती है.

नमी का रखें ध्यान

बीज में भंडारण के समय अधिक नमी व ज्यादा ऊंचे तापमान पर काबू करना बहुत जरूरी है. कम तापमान पर बीज भंडारण करने से बीज की आयु लंबी हो जाती है. कमरे के तापमान पर प्याज व लैट्यूस के बीज को केवल एक साल तक ही रखा जा सकता है, जबकि टमाटर, बैगन, भिंडी, गाजर, मूली, मिर्च, फूलगोभी, पत्तागोभी के बीजों को 2-3 सालों तक रखा जा सकता है.

नमी में एक फीसदी की गिरावट और तापमान में 10 फारेनहाइट की गिरावट बीज की भंडारण क्षमता को दोगुना कर देती है.

बीज भंडारण की अच्छी अवस्था तब होती है, जब भंडारण हवा में नमी व डिगरी फारेनहाइट में भंडारण तापमान का योग एक सौ होता है.

बीज की जीवन कूवत में कमी का कारण बीज के विकास में कमी, कटाई के समय नुकसान, गलत ढंग से प्रोसेसिंग व भंडारण है. कुछ बीज कम आयु वाले होते हैं, जो बहुत जल्दी जीवन कूवत खो देते हैं जैसे कि प्याज व राजमा.

इन की आयु केवल एक साल ही है. मध्यम जीवन कूवत वाले बीजों का जीवन 2-3 साल होता है. सब्जियों के अधिकतर बीज इसी श्रेणी में आते हैं. अधिक लंबे समय तक जमाव कूवत वाली श्रेणी में कद्दू वाली सब्जियों के बीज आते हैं.

भंडारण का बीज पर असर

भंडारण का तापक्रम, नमी व बीज नमी का आपसी संबंध सब से अहम है. जब बीज को एक तय तापमान पर लंबे समय तक रखते हैं तो बीज की जीवन कूवत एक स्तर पर स्थिर रहती है. कमरे के तापमान पर लंबे समय तक भंडारण करने से बीज की जीवन कूवत में कमी होती है. टमाटर, राजमा, मटर, तरबूज और खीरा के बीजों को 18 डिगरी सेल्सियस पर रखने से उन की जीवन कूवत अधिक समय तक बनी रहती है. मटर के बीज को 18.4 फीसदी बीज नमी पर बंद कर के 25 डिगरी सेल्सियस पर भंडारण किया जाता है, तो आक्सीजन की मात्रा में कमी पाई जाती है, जबकि कार्बन डाइआक्साइड में बढ़वार होती है.

सब्जी बीज भंडारण के लिए करें ये काम

सब्जी बीज भंडारण के लिए बीज में कम नमी रखने से उसे लंबे समय तक महफूज रख सकते हैं. बीज की नमी 4 से 6 फीसदी तक कंट्रोल रख कर अधिक समय तक भंडारण में रख सकते हैं. बीज में नमी एक से 2 फीसदी बढ़ने पर जीवन कूवत में कमी हो जाती है.

बीज को कम तापमान पर व अधिक नमी पर रखा जाए तो बीज की जीवन कूवत में तेजी से कमी होती है. बीज में अधिक नमी, अधिक तापमान पर लंबे समय तक रखने से उस का जमाव कम हो जाता है. बीज के जमाव पर तापमान के मुकाबले नमी का अधिक नुकसान होता है.

बीज को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए उस में सिलिका जेल मिला कर भंडार में रखने से नमी पर काबू रहता है. कैल्सियम आक्साइड का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. बीज के साथ राख मिला कर रखने से भी नमी तथा कीड़ों से हिफाजत की जा सकती है. बीज की तुड़ाई पूरी तरह पकने पर ही करनी चाहिए. इस से उस की भंडारण कूवत बढ़ जाती है.  Seed Storage

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...