Paan Farming: मध्य प्रदेश का प्रसिद्ध बंगला पान अब बड़े स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है. इसकी विशेष सुगंध, स्वाद और गुणवत्ता के कारण यह पान देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ नेपाल, श्रीलंका और पाकिस्तान जैसे देशों में भी काफी पसंद किया जा रहा है. इसकी बढ़ती मांग ने पान उत्पादक किसानों के लिए नए अवसरों के द्वार खोल दिए हैं.

पारंपरिक खेती से जुड़ी है विशेष पहचान

बंगला पान की खेती मुख्य रूप से चौरसिया समुदाय के किसान करते हैं. इसकी खेती ‘बरोज’ नामक विशेष संरचना के भीतर की जाती है, जो पान की कोमल पत्तियों को मौसम की मार से बचाती है. यह खेती अत्यधिक मेहनत, देखभाल और तकनीकी अनुभव की मांग करती है. पीढ़ियों से चली आ रही यह परंपरा आज भी किसानों की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार बनी हुई है.

इसके लिए सरकार विशेष कार्य योजना बना रही है.

बंगला पान की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने इसके संरक्षण और विकास के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की है. सरकार किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के साथ-साथ उत्पादन, विपणन और निर्यात को बढ़ावा देने पर भी जोर दे रही है. इस योजना के तहत लगभग एक करोड़ रुपये तक की सहायता उपलब्ध की जा सकती है, जिससे किसानों को आधुनिक सुविधाएं और बेहतर बाजार मिल सकेंगे.

किसानों की आय बढ़ाने पर रहेगा फोकस

सरकार का उद्देश्य केवल उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि किसानों की आय में भी वृद्धि लाना भी है. बेहतर पैकेजिंग, भंडारण और परिवहन सुविधाओं के जरिए बंगला पान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है. इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सामने आ रहे है.

सांस्कृतिक विरासत का भी है प्रतीक

बंगला पान केवल एक कृषि उत्पाद नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है. यह प्रदेश की पारंपरिक कृषि पद्धतियों और किसानों की मेहनत का प्रतीक माना जाता है. सरकार और किसानों के संयुक्त प्रयासों से यह उत्पाद आने वाले समय में राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को नई राह और मजबूती दे सकता है.

भविष्य की संभावनाएं

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि उत्पादन और निर्यात को सही दिशा की तरफ अग्रसर किया जाये तो बंगला पान मध्य प्रदेश के प्रमुख कृषि निर्यात उत्पादों में शामिल हो सकता है. इससे न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि प्रदेश को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी मिलेगी.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...