Fresh Fruit Kulfi. कुल्फी का चलन बहुत पुराना है. नवाबी काल में गरमी की तासीर को कम करने के लिए कुल्फी का सेवन शुरू हुआ था. उस समय इस को जमाने के लिए फ्रिज जैसी चीजें नहीं होती थीं. तब इस को मिट्टी के घड़े में रख कर ठंडा किया जाता था. जिस घड़े में कुल्फी को ठंडा करने के लिए रखा जाता था, उस में बर्फ और नमक भी मिला दिया जाता था. इस से कुल्फी ठंडी हो कर जम जाती थी. आज बड़े से बड़े होटल में कुल्फी को खाने के बाद की सब से खास डिश माना जाता है. कुल्फी के बढ़ते प्रयोग से दूध का कारोबार करने वालों को अच्छा मुनाफा होने लगा है.

समय के साथसाथ कुल्फी भी बदल गई है. पहले यह लोहे की चादर से बने डब्बे में तैयार होती थी. यह डब्बा कुल्फी के नाम से जाना जाता था. बाहर की हवा अंदर कुल्फी तक न पहुंचे, इस के लिए डब्बे के ढक्कन को मैदा लगा कर बंद कर दिया जाता था.

कुल्फी दूध और मेवा मिला कर बनती है. कुल्फी को स्वादिष्ठ बनाने के लिए फालूदा डाल दिया जाता है. अब कुल्फी के रूप बदल रहे हैं. कुल्फी अब प्लास्टिक के छोटेछोटे बौक्स में जमाई जाती है. जिन लोगों को कैंडी की तरह से कुल्फी खाने का शौक होता है, उन के लिए आइसक्रीम बनाने वाली फैक्टरी में भी कुल्फी बनने लगी है. साइकिल पर तांबे के घडे़ को लाल कपड़े में लपेट कर उस में कुल्फी भर कर गलीगली बेचने का पुराना रिवाज आज भी चल रहा है.

फ्रेशफ्रूट कुल्फी

लखनऊ में मधुरिमा स्वीट्स ने गरमी में ठंडक का अहसास कराने के लिए फ्रेशफ्रूट यानी ताजा फलों से कुल्फी बनाने की शुरुआत की है. मधुरिमा के सृजल गुप्ता बताते हैं कि फ्रेशफू्रट कुल्फी गरमी से राहत दिलाने के साथसाथ खाने वाले की सेहत के लिए भी अच्छी होती है. फ्रेशफ्रूट कुल्फी को ताजा फलों  से तैयार किया जाता है.

ऐसी कुल्फी बनाने के लिए 60 फीसदी रबड़ी और 40 फीसदी ताजा फलों से तैयार जूस का इस्तेमाल होता है. मधुरिमा स्वीट्स ने अब तक वाटर मिलन कुल्फी, पाइनएप्पल कुल्फी, मैंगो कुल्फी, लीची कुल्फी, केला कुल्फी, औरेंज कुल्फी और केसरिया कुल्फी बना कर खूब नाम कमाया है. मनपसंद फलों के स्वाद वाली कुल्फियों को लोग खूब पसंद करते हैं.

कैसे बनती है कुल्फी

कुल्फी तैयार करने के लिए इलायची के दानों को दरदरा पीस लें. पिस्ते को सही तरह से काट लें. केसर को कुनकुने दूध में डाल कर रख दें. इस के बाद दूध को आंच पर चढ़ा कर चलाते हुए रबड़ी जैसा बनाएं. जब यह एकतिहाई बचे तो इस में चीनी और पिस्ता डाल कर आंच से उतार लें. अब इस में इलायची मिला कर कुल्फी जमाने वाले सांचे में रख कर फ्रिज में रख दें. सही तरह से जमाने के लिए तांबे के हांडे में नमक और बर्फ को डाल कर कुल्फी के डब्बों को रख दिया जाता है. कुछ देर के बाद कुल्फी जम कर तैयार हो जाती है.

फ्रेशफू्रट कुल्फी तैयार करने के लिए फल के पल्प दूध में ठंडा होने के समय डालें और अच्छी तरह मिला कर इस मिश्रण को जमने के लिए रख दें.

फ्रेशफ्रूट कुल्फी खाने से एक अलग किस्म का स्वाद आता है. यह फल और कुल्फी का अनोखा अहसास है.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...