Indian Sweets. रसमलाई बंगाली मिठाइयों में रसमलाई सब से ज्यादा पसंद की जाने वाली मिठाई है. यह दूध और छेना से तैयार की जाती है. आज के समय में रसमलाई लगभग सभी छोटीबड़ी दुकानों में मिल जाती है. लखनऊ में रामआसरे की रसमलाई का अपना स्वाद और अंदाज दोनों ही निराले हैं. इस की सब से बड़ी वजह यह है कि यहां रसमलाई गाय के दूध से बनती है.

रामआसरे मिठाई शौप के मालिक पंकज बिहारी गुप्ता बताते हैं, ‘गाय के दूध की तासीर कुछ अलग होती है. इस से बनी मिठाई खाने में इतनी मुलायम होती है कि मुंह में रखते ही घुल जाती है. गाय के दूध से बनी रबड़ी से इस को तैयार किया जाता है. रसमलाई की सब से खासबात यह है कि इस से कुदरती मिठास का एहसास होता है.’

लखनऊ में रामआसरे को मिठाइयों का जनक माना जाता है. साल 1805 में इन की पहली मिठाई शौप चौक इलाके में खोली गई थी. आज रामआसरे की 5वीं पीढ़ी के पंकज गुप्ता इस मिठाई के कारोबार को संभाल रहे हैं. वे बताते हैं कि मिठाई के कारोबार में बहुत बदलाव हो गया है. आज मिठाई की बहुत सारी वैराइटी आ गई हैं. इस के बाद भी हम ने मिठाई के स्वाद को बनाए रखा है. हम मिठाई बनाने में देशी घी का ही इस्तेमाल करते हैं

जयपुर की रहने वाली रुचि जैन शादी के बाद लखनऊ आईं तो यहां की मिठाइयों में वह स्वाद उन को नहीं मिल रहा था. ऐसे में उन को रसमलाई खाने का स्वाद लग गया. अब वे रसमलाई की सब से बड़ी प्रशंसक हैं.

रसमलाई लंबे समय तक नहीं रुकती, इसलिए इस का सेवन जितना जल्दी हो सके कर लेना चाहिए. इस में मलाई यानी रबड़ी और छेना दोनों का स्वाद मिलता है. मिट्टी की कटोरी में रख कर खाने में यह ठंडी बनी रहती है.

पंकज बताते हैं कि वे केवल उतनी ही रसमलाई तैयार करवाते हैं, जो उसी दिन खत्म हो जाए. रसमलाई को काजू, पिस्ता और केसर की सजावट के साथ खाने के लिए दिया जाता है.

कैसे बनाएं रसमलाई

साधारण तरीके से रसमलाई तैयार करने के लिए ढाई सौ ग्राम छेना, 4 सौ ग्राम चीनी, एक लीटर दूध, केसर के 15-16 टुकड़े, पिस्ता और काजू 15-16 छोटे टुकड़े, चिरौंजी एक चम्मच, छोटी इलायची 3-4 दाने छीले हुए लें. छेने को हाथ से आटे की तरह मसल लें. इस को पूरी तरह से चिकना कर लें. जब यह आटे सा तैयार हो जाए तो इस के गोले बना लें. इतनी सामग्री में लगभग 14-15 गोले बन जाएंगे. इन गोलों को चपटा कर लें.

अब किसी बरतन में 3 सौ ग्राम चीनी लें और उस में 3 कप पानी मिलाएं. जब पानी उबलने लगे तो इस में छेना मिलाएं. 15-20 मिनट तक इस को पकने दें. फिर इन को ठंडा होने दें. अब एक लीटर दूध को गरम करें. इस में सौ ग्राम चीनी मिला लें. दूध को गाढ़ा होने तक पकने दें. दूध में मेवा और केसर मिला दें. जब दूध गाढ़ा हो कर आधा रह जाए, तो नीचे उतार लें. इस में इलायची और छेना मिला दें. ठंडा होने के बाद इस को खाने के लिए दिया जा सकता है. इस को सजाने के लिए पिस्ता वगैरह इस्तेमाल करें.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...