Jodhpuri Laddu-

राजस्थान अपनी कला और संस्कृति के साथसाथ खानपान के लिए भी बहुत मशहूर है. यहां के खानपान की सब से खास बात इस का देशी अंदाज होता है. राजस्थान की मिठाइयों ने अपने प्रदेश से बाहर निकलने के बाद भी अपनी खासीयत नहीं छोड़ी है. यहां की मिठाइयों में सब से ज्यादा जोधपुरी लड्डू पसंद किए जाते हैं. जोधपुर को ब्लू सिटी और सन सिटी के नाम से भी जाना जाता है.

जोधपुर में खानेपीने की मशहूर चीजों में चीनी और दही से बनने वाली मखनिया लस्सी, प्याज और मावा कचौड़ी भी शामिल हैं. खाने की ये चीजें भले ही जोधपुर तक सीमित रह गई हों, पर जोधपुरी लड्डू पूरे देश में बिक रहा है. यह बड़े और छोटे दोनों ही आकार का होता है.

स्वीट्स और फूड की लंबी चेन चलाने वाले ‘बीकानेरवाला’ में राजस्थान की तमाम मिठाइयां और खाने की दूसरी चीजें मिल जाती हैं. बीकानेरवाला के मालिक श्याम सुंदर अग्रवाल ने राजस्थान के स्वाद को दूसरे क्षेत्रों तक पहुंचाने का बड़ा काम किया है. देशविदेश में बीकानेरवाला की दुकानें खुली हैं. लखनऊ में बीकानेरवाला के यूनिट मैनेजर कुलदीप सिंह बताते हैं कि हमारे यहां खानेपीने के हर तरह के सामान शुद्ध और स्वादिष्ठ मिलते हैं. राजस्थानी स्वाद हमारी खासीयत है.

कैसे बनता है जोधपुरी लड्डू (Jodhpuri Laddu) 

जोधपुरी लड्डू सामान्य बूंदी वाले लड्डू से कुछ अलग होता है. इस की बूंदी कुछ बड़ी होती है. इस लड्डू में पीली और केसरिया रंग की बूदियां मिली होती हैं. जोधपुरी लड्डू की बूंदी बनाने के लिए एक नंबर की छलनी का इस्तेमाल किया जाता है. इस के छेद थोड़े बड़े होते हैं, जिन से बूंदी बड़ी बनती है. सब से पहले अच्छी किस्म के बेसन का मोटा घोल बनाया जाता है.

इस के बाद घी में छलनी के सहारे बेसन को डाल कर मोटे दाने वाली पीली और केसरिया रंग की बूंदी अलगअलग तैयार की जाती है. बूंदी में पहले से तैयार चीनी की चाशनी मिलाते हैं फिर इलायची के दाने और तरबूज के बीज मिलाते हैं. एक लड्डू में 2-3 इलायची और तरबूज के बीज और 5-7 केसरिया बूंदी ले कर पीली वाली बूंदी मिला कर लड्डू तैयार करते हैं.

केसरिया रंग की बूंदी मिलाने से यह लड्डू अलग दिखने लगता है. घी और अच्छे बेसन का इस्तेमाल करने से इस का स्वाद बढ़ जाता है.

केसरिया लड्डू की ही तरह शाही जोधपुरी भी बहुत मशहूर है. इस में बूंदी के साथ बादाम और पिस्ता काट कर मिलाया जाता है. इस लड्डू की सब से खास बात यह है कि यह लंबे समय तक खाने के लायक बना रहता है.

लुभाता है रसदार अंदाज

खानपान मसलों के जानकार आशीष श्रीवास्तव बताते हैं कि बूंदी के लड्डू अपने स्वाद के लिए मशहूर हैं. जोधपुरी लड्डू उसी लड्डू परिवार का एक सदस्य है. इस के बनाने का तरीका थोड़ा अलग है. यह पूरी तरह से सूखा नहीं होता, हलका सा रसदार होता है. बीचबीच में केसरिया बूंदी दिखने से जोधपुरी लड्डू अलग दिखता है.

पकवान बनाने में माहिर नेहा श्रीवास्तव बताती हैं कि मैं ने राजस्थानी मिठाइयों के बारे में बहुत सुन रखा था. ऐसे में मौका मिलने पर मैं इस का स्वाद लेना पसंद करती हूं.  Jodhpuri Laddu

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...