UP Weather Today. उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है. दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उससे सटे इलाकों में एक लो प्रेशर एरिया बना हुआ है, जिसकी वजह से पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है.

इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने 7 सितंबर 2026 के लिए कई जिलों में अलर्ट जारी किया है.

8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 30 जिलों में येलो अलर्ट

लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अगले 24 घंटों में नेपाल से सटे जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. उत्तर के कुछ जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है.

मौसम विभाग ने 8 जिलों – बहराइच, बलरामपुर, बिजनौर, लखीमपुर खीरी, महराजगंज, मुरादाबाद, सिद्धार्थनगर और श्रावस्ती और आसपास के इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

वहीं येलो अलर्ट आगरा, अमरोहा, बरेली, बाराबंकी, देवरिया, गोंडा, गोरखपुर, हरदोई, मेरठ, पीलीभीत, शाहजहांपुर, सीतापुर समेत करीब 30 जिलों में जारी किया गया है.

पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश?

पश्चिमी यूपी में पिछले 24 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश दर्ज की गई है.

– बिजनौर में 134 मिमी बारिश
– मुरादाबाद CWC में 114.2 मिमी बारिश
– अमरोहा के सादात में 88 मिमी बारिश
– हमीरपुर के राठ में 68 मिमी बारिश
– लखनऊ में रविवार को 5.8 मिमी बारिश

रविवार को सुबह 8:30 बजे से शाम 8:30 बजे तक 12 घंटों में बरेली वेधशाला में 141.3 मिमी बारिश दर्ज हुई.

लखनऊ में सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 30 डिग्री और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.

नदियां उफान पर, बाढ़ का खतरा

भारी बारिश और नेपाल से छोड़े गए पानी की वजह से नदियां उफान पर हैं. रविवार सुबह बहराइच में एल्गिन ब्रिज पर घाघरा नदी खतरे के निशान से 29 सेमी ऊपर बह रही थी. सुबह 8 बजे नदी का जलस्तर 106.36 मीटर था, जबकि खतरे का निशान 106.07 मीटर है, जिसमें 3,67,600 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज था. महसी तहसील के कई गांव प्रभावित हुए हैं.

किसानों के लिए सलाह

1. खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें.
2. जलभराव की स्थिति में सिंचाई, खाद और कीटनाशक का छिड़काव करने से बचें.
3. छोटे पौधों, सब्जियों और बागवानी फसलों को सहारा दें. UP Weather Today

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...