Bihar: सब्जी उत्पादन के मामले में बिहार में रोज नए रिकार्ड बन रहे हैं. अब तक ज्यादा सब्जी पैदावार का सेहरा महाराष्ट्र, गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के सिर पर था, जिस में बिहार भी शामिल हो गया है. सूबे के कई किसान नई तकनीकों को अपना कर सब्जी उत्पादन के मामले में नया इतिहास रच रहे हैं. इस मामले में वर्ल्ड रिकार्ड बनाने वाले युवा किसान नीतीश कहते हैं कि खेती की पुरानी और नई तकनीकों के बीच तालमेल बैठा कर ही खेती और किसानों की तरक्की हो सकती है.
कितने रकबे में सब्जी की खेती
सूबे में सब्जी की खेती का रकबा 8 लाख, 28 हजार 758 हेक्टेयर है. इस में 3 लाख, 22 हजार 840 हेक्टेयर में आलू, 60 हजार 135 हेक्टेयर में फूलगोभी, 50 हजार 472 हेक्टेयर में प्याज और 46 हजार हेक्टेयर में टमाटर की खेती की जा रही है.
नीतिश ने बनाया वर्ल्ड रिकार्ड
इस गांव के युवा किसान नीतीश कुमार ने प्रति हेक्टेयर 72.9 टन आलू पैदा कर के नया विश्व रिकार्ड बनाया है. इस से पहले यह रिकार्ड नीदरलैंड के नाम था, जहां प्रति हेक्टेयर 45 टन आलू का उत्पादन किया गया था. नीतीश ने जब अपने खेतों से आलू उखाड़ने का काम शुरू किया तो उस समय कई कृषि अफसर और वैज्ञानिक खेतों में मौजूद थे. नीतीश का कहना है कि जैविक और वैज्ञानिक तकनीक से खेती करने की वजह से ही आलू पैदावार का वर्ल्ड रिकार्ड बन सका है.
बिहार (Bihar) में सब्जियों की बढ़ती उपज ने देश और विदेश के कारोबारियों का ध्यान खींचा है. जैविक सब्जियों को देश और विदेशों के बड़ेबड़े मौलों में बेचने की तैयारी चल रही है. कई कारोबारी इस सिलसिले में सीधे किसानों से बात कर रहे हैं.
गौरतलब है कि पूरे देश में सब्जी उत्पादन के मामले में बिहार (Bihar) उपजी जैविक सब्जियों की क्वालिटी सब से अच्छी पाई गई है.





