Cow Dung Soup : यह तो हम सभी जानते हैं कि सूप सेहत के लिए लाभकारी होता, चाहे वह टमाटर का हो, चिकन का हो या हो कोई भी सब्जी आदि का सूप. लेकिन यहां हम एक ऐसे सूप का जिक्र कर रहे हैं जिसके बारे में सुनकर आपका जायका खराब हो सकता है. जी हां, यहां हम गोबर से बने सूप की बात कर रहे हैं जिसकी चर्चा आजकल सोशल मीडिया पर भी चल रही है. यह खास तरह का सूप वियतनाम और फिलीपींस में खासतौर पर पसंद किया जा रहा है. आइए, जानते हैं कि क्या वाकई गोबर से सूप बनता है या इसके पीछे है कुछ और ही हकीकत.

क्या है यह सूप और इसे कैसे बनाया जाता है?

वियतनाम में इसे बनाने के लिए गाय या बकरी की आंतों के अंदर मौजूद उस अधपचे घास और खिलाए जाने वाले औषधीय पौधों और जड़ी-बूटियों का इस्तेमाल होता है, जिसे जानवर ने खाया होता है. वहां के लोग इसे ‘गोबर’ नहीं, बल्कि कुदरती जड़ी-बूटियों का अर्क मानते हैं.

इसके लिए सबसे पहले गाय को खास तरह की घास और जड़ी-बूटियां खिलाई जाती हैं, फिर उसके पेट की आंतों में जो अधपचा पदार्थ गोबर के रूप में निकलता है, उसे अच्छी तरह साफ करके मसालों के साथ पकाया जाता है, जिससे इसका स्वाद और खुशबू सामान्य सूप जैसी लगती है.

इसके अलावा इसे बनाने के लिए पशु की आंतों का इस्तेमाल किया जाता है. सबसे पहले बाजार से ताजा आंतें लाकर उन्हें अच्छी तरह साफ किया जाता है फिर उनके अंदर अनेक तरह के मसाले भरे जाते हैं और इसे अदरक, लहसुन, लैमनग्रास और मिर्च के साथ उबाला जाता है, ताकि एक गाढ़ा और तीखा सूप तैयार हो सके. लोग कहते हैं कि इसका स्वाद शुरू में थोड़ा कड़वा लगता है, लेकिन पूरी तरह तैयार होने पर यह जायकेदार हो जाता है.

वियतनाम की जनजातियों का मानना है कि यह सूप पाचन तंत्र को दुरुस्त करता है और सर्दी-जुकाम को दूर भगाता है. वहां के बुजुर्ग इसे ‘जादुई काढ़ा’ मानते हैं. हैरानी की बात तो यह है कि अब यह सिर्फ गांव तक सीमित नहीं रहा. बड़े-बड़े शहरों के रेस्टोरेंट्स में विदेशी पर्यटक भी इस खास तरह के सूप को पसंद कर रहे हैं.

यह तो मानना ही होगा कि इस दुनिया में नाना प्रकार के लोग हैं और उनके शौक और स्वाद भी अजब-गजब हो सकते हैं. यह कोई अजूबा नहीं है. एक तरफ वे लोग हैं जो किन्हीं चीजों को लेकर नाकभों सिकोड़ सकते हैं तो दूसरी तरफ वे लोग हैं जो उन्हें चटखारे ले कर खाते हैं, इसलिए ज्यादा कहना ठीक नहीं, पसंद अपनी और स्वाद अपना.

अधिक जानकारी के लिए क्लिक करें...