Digital Farming: भारतीय कृषि आज केवल उत्पादन की प्रक्रिया नहीं रही, बल्कि वह विज्ञान, तकनीक और सामाजिक परिवर्तन के संगम की प्रयोगशाला बनती जा रही है. बढ़ती जनसंख्या की खाद्य आवश्यकताओं, जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न अनिश्चितताओं, घटते प्राकृतिक संसाधनों और किसानों की आय को दोगुना करने जैसे राष्ट्रीय लक्ष्यों के बीच कृषि क्षेत्र से अपेक्षाएं लगातार बढ़ रही हैं. ऐसे समय में पारंपरिक कृषि पद्धतियां अकेले इन चुनौतियों का सामना नहीं कर सकतीं. आवश्यक है कि खेती अधिक सटीक, अधिक दक्ष और अधिक टिकाऊ बने. इसी संदर्भ में डिजिटल तकनीकों का प्रवेश और विशेषकर ड्रोन आधारित कृषि सेवाएं भारतीय कृषि के लिए एक नई दिशा निर्धारित कर रही हैं.
क्या है ड्रोन तकनीक
ड्रोन, जिन्हें तकनीकी भाषा में मानव रहित हवाई वाहन कहा जाता है, प्रारंभ में रक्षा और निगरानी तक सीमित थे. किंतु तकनीकी प्रगति और लागत में कमी के साथ ही इनका उपयोग कृषि क्षेत्र में तेजी से बढ़ने लगा है. आज ड्रोन फसल सर्वेक्षण, भूमि मानचित्रण, बीज छिड़काव, उर्वरक और कीटनाशक वितरण तथा फसल स्वास्थ्य आकलन जैसे कार्यों में प्रयुक्त हो रहे हैं. ड्रोन के माध्यम से छिड़काव पारंपरिक तरीकों की तुलना में कहीं अधिक सटीक होता है, जिससे रसायनों की खपत घटती है और उत्पादन लागत में कमी आती है. साथ ही किसान को रासायनिक पदार्थों के सीधे संपर्क से भी सुरक्षा मिलती है. इस प्रकार ड्रोन तकनीक खेती को अधिक सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण अनुकूल बनाने में सहायक सिद्ध हो रही है.
भविष्य की कृषि का एक जरुरी उपकरण
डिजिटल खेती (Digital Farming) का मूल सिद्धांत है सटीक जानकारी के आधार पर सही निर्णय. ड्रोन इस सिद्धांत को व्यवहार में उतारने का सशक्त माध्यम बनकर उभरे हैं. ड्रोन से प्राप्त चित्रों और आंकड़ों के आधार पर फसल में रोग, कीट प्रकोप या पोषक तत्त्वों की कमी की पहचान समय रहते हो जाती है. इससे अनावश्यक उर्वरक और कीटनाशक प्रयोग पर रोक लगती है, जल और मिट्टी की गुणवत्ता बनी रहती है तथा उत्पादकता में वृद्धि होती है. यही कारण है कि ड्रोन को भविष्य की कृषि का एक अनिवार्य उपकरण माना जाने लगा है.
इस तकनीकी परिवर्तन के साथ भारतीय ग्रामीण समाज में एक महत्त्वपूर्ण सामाजिक परिवर्तन भी आकार ले रहा है, जिसे ड्रोन दीदी पहल के रूप में पहचाना जा रहा है. स्वयंसहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को ड्रोन संचालन, मरम्मत और सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है. राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न सरकारी पहलों के माध्यम से महिलाओं को ड्रोन पायलट के रूप में तैयार किया जा रहा है, ताकि वे कृषि सेवाएं उपलब्ध करा सकें और आत्मनिर्भर बन सकें.
ड्रोन दीदी है महिला सशक्तीकरण की खास पहल
ड्रोन दीदी पहल केवल कौशल विकास या रोजगार सृजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण महिला सशक्तीकरण का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरी है. जब महिलाएं आधुनिक तकनीक का संचालन करती हैं, तो उनका सामाजिक आत्मविश्वास बढ़ता है और पारंपरिक भूमिकाओं की सीमाएं टूटती हैं. ड्रोन संचालन के माध्यम से महिलाएं न केवल नियमित आय अर्जित कर रही हैं, बल्कि वे ग्रामीण तकनीकी सेवा प्रदाताओं के रूप में भी अपनी पहचान बना रही हैं. इससे स्वयंसहायता समूहों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हो रही है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर उत्पन्न हो रहे हैं.
ड्रोन दीदियों द्वारा अपनाया गया ‘ड्रोन-एज-ए-सर्विस’ मॉडल किसानों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रहा है. अधिकांश छोटे और सीमांत किसान स्वयं ड्रोन खरीदने में सक्षम नहीं हैं. ऐसे में ड्रोन सेवा किराए पर उपलब्ध होने से किसान कम लागत में उन्नत तकनीक का लाभ उठा पा रहे हैं. यह मॉडल तकनीक को किसानों के लिए सुलभ बनाता है और डिजिटल विभाजन को कम करने में सहायक होता है.
डिजिटल खेती (Digital Farming) के इस नए स्वरूप में ड्रोन दीदियां जमीनी स्तर पर महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं. वे किसानों और तकनीक के बीच सेतु का कार्य कर रही हैं. जब किसान देखते हैं कि उनके ही गांव की महिलाएं ड्रोन जैसे उन्नत उपकरणों को कुशलता से संचालित कर रही हैं, तो तकनीक के प्रति उनका विश्वास बढ़ता है. यह विश्वास कृषि क्षेत्र में नवाचार अपनाने के लिए आवश्यक आधार प्रदान करता है.
स्मार्ट कृषि को बढ़ावा देता ड्रोन
ड्रोन आधारित खेती का पर्यावरणीय प्रभाव भी उल्लेखनीय है. सटीक छिड़काव से रसायनों का अत्यधिक प्रयोग कम होता है, जिससे मिट्टी की उर्वरता और जल स्रोतों की गुणवत्ता सुरक्षित रहती है. यह पहल जलवायु-स्मार्ट कृषि को बढ़ावा देती है और खेती को अधिक टिकाऊ बनाने में योगदान देती है. बदलते जलवायु परिदृश्य में ऐसी तकनीकों का महत्त्व और भी बढ़ जाता है, जो जोखिम को कम कर सकें और उत्पादन को स्थिर बनाए रखें.
ड्रोन संचालन के लिए तकनीकी जानकारी जरूरी
हालांकि इस पहल के समक्ष कुछ चुनौतियां भी हैं. ड्रोन संचालन के लिए निरंतर प्रशिक्षण, तकनीकी रखरखाव, बैटरी और चार्जिंग अवसंरचना तथा नियमों और अनुमतियों की जटिलता जैसे मुद्दों पर निरंतर कार्य करने की आवश्यकता है. इसके अतिरिक्त, छोटे किसानों की भुगतान क्षमता को ध्यान में रखते हुए सेवा लागत को संतुलित रखना भी एक महत्त्वपूर्ण चुनौती है. इन सभी पहलुओं के समाधान के लिए केंद्र और राज्य सरकारों, कृषि विश्वविद्यालयों, ग्रामीण संस्थाओं और निजी क्षेत्र के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है.
डिजिटल खेती का बढ़ता दायरा
भविष्य में जब ड्रोन तकनीक को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, उपग्रह आधारित आंकड़ों और मोबाइल ऐप्स से जोड़ा जाएगा, तब डिजिटल खेती (Digital Farming) और अधिक प्रभावशाली हो सकेगी. ऐसे में ड्रोन दीदियां केवल सेवा प्रदाता ही नहीं, बल्कि डेटा आधारित कृषि सलाहकार के रूप में भी उभर सकती हैं. इससे खेती अधिक वैज्ञानिक, लाभकारी और सम्मानजनक पेशा बनने की दिशा में आगे बढ़ेगी.
‘ड्रोन दीदी और डिजिटल खेती (Digital Farming) का नया अध्याय’ भारतीय कृषि के उस परिवर्तनशील स्वरूप को दर्शाता है, जिसमें तकनीक और सामाजिक सशक्तीकरण साथ-साथ आगे बढ़ते हैं. यह पहल न केवल कृषि उत्पादकता बढ़ाने का माध्यम है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का भी सशक्त उपकरण भी है. ड्रोन दीदियां आज खेतों के ऊपर उड़ते ड्रोन के साथ-साथ ग्रामीण भारत की आकांक्षाओं और संभावनाओं को भी नई ऊंचाइयां प्रदान कर रही हैं





